क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने सिल्वर जीता, हॉकी मे ं16 साल बाद आया मेडल

क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने सिल्वर जीता, हॉकी मे ं16 साल बाद आया मेडल

मामल्लापुरम। विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार हुए टी20 महिला क्रिकेट फाइनल में रविवार को बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत को नौ रन से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बेथ मूनी के अर्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के जबर्दस्त क्षेत्ररक्षण के बावजूद आठ विकेट पर 161 रन बनाए। जवाब में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 43 गेंद में 65 रन बनाए, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाज टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। भारतीय टीम 19.3 ओवर में 152 रन पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी पांच विकेट 13 रन के भीतर ले लिए। स्पिनर एशले गार्डनर ने 16 रन देकर 3 विकेट लिए। भारत के लिए जेमिमा रोड्रिगेज ने 33 गेंद में 33 रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा (11) और दीप्ति शर्मा (13) दोहरे अंक में पहुंचने वाली अन्य बल्लेबाज रहीं । इससे पहले खचाखच भरे स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने खतरनाक एलिसा हीली को जल्दी पगबाधा आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। अंपायर ने डीआरएस पर गेंदबाज के पक्ष में फैसला दिया। इसके बाद मूनी (41 गेंद में 61 रन) और कप्तान मेग लानिंग (26 गेंद में 36 रन) ने 78 रन की साझेदारी की। लानिंग ने रेणुका को मिड आफ में मैच का पहला छक्का जड़ा। आम तौर पर आलोचना झेलने वाले भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने शानदार प्रदर्शन किया।

टेबल टेनिस : कमल-साथियान ने जीता रजत

भारत के अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल और जी साथियान ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरूष युगल स्पर्धा में रजत पदक जीता। शरत कमल और साथियान को इंग्लैंड के पॉल ड्रिंकहाल और लियाम पिचफोर्ड ने बेहद रोमांचक मुकाबले में 3.2 (8.11, 11.8, 11.3, 7.11, 11.4) से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए प़हला गेम 11.8 से जीत लिया था, लेकिन मेजबान जोड़ी ने जल्दी ही वापसी करके स्कोर बराबर कर दिया। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने तीसरा गेम जीतकर बराबरी की, लेकिन भारतीय जोड़ी ने फिर स्कोर 2.2 से बराबर कर दिया। निर्णायक आखिरी गेम में इंग्लैंड की जोड़ी भारतीयों पर भारी पड़ी।

स्क्वॉश : दीपिका-सौरव की जोड़ी को कांस्य

दीपिका पल्लीकल और सौरव घोषाल की भारतीय जोड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वॉश के मिश्रित युगल स्पर्धा में रविवार को यहां कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक के प्लेऑफ मैच में ऑस्ट्रेलिया के लोबन डोना और कैमरून पिले की जोड़ी को सीधे गेमों में 11-8, 11-4 से शिकस्त दी। खास बात यह है कि 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों का फाइनल इन्हों दोनों जोड़ियों के बीच खेला गया था और तब भारतीय जोड़ी ने रजत पदक इस जीता था।

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराया

  भारतीय महिला हॉकी टीम
  का कॉमनवेल्थ में प्रदर्शन

साल                        प्रदर्शन
1998                  चौथा स्थान
2002                  पहला स्थान
2006                 दूसरा स्थान
2010                 पांचवां स्थान
2014                 पांचवां स्थान
2018                चौथा स्थान
2022                तीसरा स्थान

भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल बाद कोई पदक जीता है। कप्तान सविता पूनिया के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्टॉपवॉच विवाद से उबरते हुए रविवार को यहां गत चैंपियन न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता। भारतीय टीम मैच के अंतिम लम्हों में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया। यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया। जहां वहां भारतीय कप्तान सविता ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए न्यूजीलैंड के चार प्रयासों को नाकाम कर लिया।

भाला फेंक में अनु रानी ने जीता कांस्य

अनु रानी ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली देश ही पहली महिला भाला फेंक खिलाड़ी बन गइ। रानी ने अपने तीसरे प्रयास में 60 मीटर दूर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया। विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की केलसे ली बार्बर ने 64.43 मीटर के थ्रो से स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनकी हमवतन मैकेंजी लिटिल 64.27 मीटर के थ्रो से दूसरे स्थान पर रहीं।

10,000 मी. पैदल चाल में संदीप को कांस्य

भारत के संदीप कुमार ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की पुरूषों की 10,000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। संदीप ने 38:49.21 मिनट का समय निकाला जिससे वह स्वर्ण पदक विजेता कनाडा के इवान डनफी (38:36.37) और रजत पदक विजेता आस्ट्रेलिया के डेकलान टिनगे (38:42.33) से पीछे रहे। इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय अमित खत्री सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय 43:04.97 से नौंवे स्थान पर रहे।