इंदौर की पटाखा फैक्ट्रियों की जांच शुरू, 4 गोदाम सील

इंदौर की पटाखा फैक्ट्रियों की जांच शुरू, 4 गोदाम सील

इंदौर। हरदा की पटाखा फैक्ट्री में आग घटना के बाद इंदौर जिले की पटाखा फैक्ट्रियों के जांच के निर्देश कलेक्टर आशीष सिंह ने दिए है। जिसके लिए मंगलवार को दलों का गठन कर दिया गया है, सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के पटाखा कारखानों की जांच रिपोर्ट बुधवार शाम तक पेश करने के आदेश दिए है। वहीं घटना के बाद तत्काल मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार कलेक्टर आशीष सिंह ने महू क्षेत्र के पटाखा गोदामों और कारखानों जांच करवाई, इस दौरान 4 गोदाम सील कर दिए गए।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि हरदा की में दु:खद घटना होने के बाद इंदौर जिले के पटाखा गोदामों की जांच की गई। महू एसडीएम विनोद राठौर द्वारा पटाखा गोदाम, दुकान और फैक्ट्री जांच की गई, इस दौरान अग्निशमन उपकरण, पानी, रेती, वेंटिलेशन, लाइसेंस शर्त, क्षमता के अनुसार स्टॉक जांच एवं मिलान सहित अन्य बिंदूओं पर जांच की गई। महू में 15 लाइसेंसधारक पटाखा गोदाम, दुकान की जांच की गई। जिसमें 4 गोदामों में सुरक्षा उपाय में लापरवाही करने पर आगामी आदेश तक सील कर दिया गया है। वहीं पूरे जिले में जांच जारी रहेगी।

इन पर हुई कार्रवाई: रवि फायर वर्क्स सुरेश फेरवानी अम्बाचंदन, श्याम सुंदर जसवानी अम्बाचंदन, लक्ष्मी फायर वर्क्स इंडस्ट्री नरेश बालचंदानी दतोदा, लक्ष्मी फायर वर्क्स जमनादास बालचंदानी।

कलेक्टर सिंह ने बताया कि हरदा में घटना की जानकारी लगते ही एमवाय में उपचार हेतु एक पृथक वार्ड बनाया गया। इसके बाद 20 एम्बूलेंस और 15 चिकित्सकों की टीम हरदा के लिए रवाना कर दी गई थी।