चौरई कांड: सीएम हाउस में होगी हड़ताल समाप्ति पर वार्ता

चौरई कांड: सीएम हाउस में होगी हड़ताल समाप्ति पर वार्ता

भोपाल । कांग्रेस नेता द्वारा चौरई एसडीएम के मुंह पर कालिख पोतने के खिलाफ जारी हड़ताल के बारे में राज्य प्रशासनिक सेवा संघ ने सोमवार को मुख्यमंत्री, मुख्यसचिव और प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसके कुछ ही देर बाद वार्ता के लिए मंगलवार सुबह 11:00 बजे सीएम हाउस का बुलावा आ गया। राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की पहले बैठक हुई, जिसमें 50 से ज्यादा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे। इन सभी ने शासकीय सेवकों को मुकम्मल सुरक्षा मुहैया करवाने और चौरई कांड के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर संघ की संयुक्त सचिव किरन गुप्ता, महासिचव मलिका निगम, कमल नागर, मनोज कुमार वर्मा, मनोज उपाध्याय, विनीत तिवारी, आकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार नायब तहसीलदार संघ के मनोज श्रीवास्तव, अवनीश मिश्रा, गुलाब सिंह बघेल, राजपत्रित अधिकारी संघ के अशोक शर्मा, राजस्व निरीक्षक संघ के फिरोज अली, मुमताज खान, पटवारी संघ के उपेंद्र सेंगर, निगम कर्मचारी संघ के सुरेंद्र सिंह सोलंकी आदि मौजूद थे। प्रदेशभर में सौंपे गए ज्ञापन राप्रसे संघ की ओर से प्रदेशभर में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलेक्टरों को सौंपे गए। इसके साथ ही सिक्योरिटी गारंटी होने पर ही हड़ताल समाप्ति का अल्टीमेटम भी दिया गया।