नगर निगम में तैयार हो रही प्रतिनियुक्ति वाले अधिकारी-कर्मचारियों की लिस्ट

नगर निगम में तैयार हो रही प्रतिनियुक्ति वाले अधिकारी-कर्मचारियों की लिस्ट

जबलपुर । नगर निगम प्रशासन प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची तैयार करवा रहा है। बताया जाता है कि ऐसे 200 अधिकारी व कर्मचारियों के नाम सूची में हैं जिन्हें उनके मूल विभाग में भेजा जाएगा। हालाकि नगर निगम इन दिनों अधिकारियों की कमी से जूझ रहा है मगर शासन के आदेश के बाद अब यह प्रयास हो रहे हैं कि जो अधिकारी कर्मचारी नगर निगम के हैं और प्रतिनियुक्ति पर अन्य जिलों में हैं को वापस बुलवाया जाए। लंबे समय से नगर निगम में प्रतिनियुक्ति वाले अधिकारियों का बोलबाला है। अन्य विभागों के अपात्र अधिकारी यहां आकर मलाईदार पदों पर बरसों से जमे हुए हैं। लंबे समय से स्थानीय कर्मचारी इनका विरोध तो करते हैं मगर ऊंची पहुंच के चलते इन पर कभी भी कार्रवाई नहीं हुई। विगत कुछ दिनों से यह मामला राज्य शासन के संज्ञान में आया और अब इस पर कार्रवाई शुरू हुई है। समझा जा रहा है इसी क्रम में अब लिस्ट तैयार की जा रही है।

200 नाम शामिल

तैयार की गई सूची में प्रतिनियुक्ति पर आए 200 अधिकारी व कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इनमें से छोटे से छोटे और बड़े पदों पर जमे अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इस आदेश पर अमल होता है और यदि इन सभी को मूल विभागों में भेजा जाता है तो पहले से ही अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे नगर निगम की व्यवस्थाओं का संचालन प्रभावित हो सकता है,इस समस्या से निपटने के लिए जो फार्मूला तैयार किया गया है वह अन्य जिलों में पदस्थ नगर निगम के मूल कर्मचारियों और अधिकारियों को वापस बुलवाना है। इसके लिए भी राज्य शासन को ही सूची भेजी जाएगी।