स्वाती गोडबोले की सीएम से चर्चा, वेद का न आना उठा गया कई सवाल

स्वाती गोडबोले की सीएम से चर्चा, वेद का न आना उठा गया कई सवाल

जबलपुर। अमित शाह के मंडला बिछिया दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का भी 6 सितंबर को जबलपुर आगमन हुआ। इस दौरान सीएम से मिलने शहर के तमाम बड़े छोटे नेता आए। लेकिन पूर्व महापौर स्वाती सदानंद गोड़बोले से सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अलग से भी भेंट की। जानकार सूत्रों की मानें तो सीएम ने सभी विधायकों और पदाधिकारियों को दूर जाने के लिए कहा और स्वाती के साथ रन-वे पर ही काफी दूर तक जाकर अकेले बात की। लौटने के बाद स्वाती के चेहरे की अलग सी खुशी दिखी जिसे लेकर भाजपा में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि स्वाती के अलावा सिहोरा से नंदनी मरावी ने भी सीएम से समय मांगा और सिहोरा में चल रहे जिला बनाने के विरोध पर संज्ञान लेने का निवेदन भी किया। जानकारों का कहना था कि नंदनी को कोई ठोस आश्वासन अभी तक नहीं मिला है जिससे वे नाखुश भी दिखीं। वेद प्रकाश दिखे नदारद पूर्व आईएएस पं वेद प्रकाश शर्मा इन दिनों सक्रिय राजनीति में दखल दे रहे हैं। गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के आयोजन में मंडल स्तर के लोगों को बुलाया गया पर वेद प्रकाश पूरे फ्रेम से लापता दिखे। उनका नाम मुलाकात करने वालों की लिस्ट में था या नहीं इसे लेकर भी चर्चा हो रही है। वेद को प्रबल दावेदार माना जा रहा है ऐसे में अहम स्थानों में उनकी अनुपस्थिति भी कई सवाल खड़े कर रही है।

मध्य के दावेदारों का जमावड़ा

सभी विधानसभाओं ने इन दिनों उत्तर मध्य विधानसभा सबसे हॉट चल रही है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के आगमन पर उत्तर मध्य से प्रबल दावेदारी रखने वाले शरद जैन, कमलेश अग्रवाल, धीरज पटेरिया, शरद अग्रवाल सहित नामों की लंबी लिस्ट मौके पर अभिनंदन करने जरूर पहुंची। बहरहाल स्वाती की अलग से चर्चा और वेद प्रकाश का न आना सबसे अधिक चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकार सूत्रों की माने तो भाजपा को सबसे ज्यादा परेशानी उत्तरमध्य सीट में प्रत्याशी घोषित करने में होने वाली है। यहां जातिगत समीकरण सबसे ज्यादा प्रभावी माना जा रहा है।