हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, भक्तों का लगा तांता

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, भक्तों का लगा तांता

ग्वालियर। भगवान शिव-पार्वती के विवाह का महापर्व महाशिवरात्रि शनिवार को अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, भूतेश्वर, हजारेश्वर, मार्कंडेश्वर और भितरवार क्षेत्र के धूमेश्वर मंदिर सहित सभी शिव मंदिरों में भोलेनाथ का अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस महापर्व के लिए सभी प्रमुख शिव मंदिरों के पट शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 12 बजे ही खुल गए थे। अभिषेक और पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन किए। सबसे पहले कांवड़ियों ने अभिषेक किया। पूरा शहर शिवमय हो गया। गायत्री मंदिरों में शिवरात्रि पर्व पर रुद्राभिषेक एवं पार्थिव शिवलिंग पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महाशिवरात्रि के अवसर पर सर्वाधिक भीड़ अचलेश्वर मंदिर पर दर्शन करने वालों की रही। रात 12 बजे से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गई थीं। मंत्रों के साथ बाबा अचलनाथ के अभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए बाबा के दर्शन किए। एक अनुमान के अनुसार अचलेश्वर मंदिर पर शनिवार शाम 6 बजे तक करीब 2 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इसके बाद भी कतारें लगी थीं।

गुप्तेश्वर से निकली शिव बारात

महाशिवरात्रि के अवसर पर गुप्तेश्वर मंदिर से दोपहर में भगवान शिव की बारात निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर शाम 5 बजे के बाद अचलेश्वर मंदिर पहुंची। इस बारात में श्रद्धालु नाचते-गाते हुए हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारे लगा रहे थे। कई शिव भक्त डीजे की धुन पर नृत्य कर रहे थे।

रुद्राक्ष का नि:शुल्क वितरण हुआ

बालाजी धाम सेवा समिति गरगज कॉलोनी बहोड़ापुर द्वारा महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार को भगवान महादेव की विशेष पूजा-अर्चना कर शिवजी का महा रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर के महंत किशोर कुमार शर्मा तथा ज्योतिषाचार्य डॉ सतीश सोनी ने बताया कि वर्तमान पीढ़ी को संस्कारों तथा आध्यात्मिक से जोड़ने के लिए भगवान महादेव का रुद्राभिषेक कर प्रार्थना की गई। इसके बाद शाम 5 से रात 8 बजे तक आम जनमानस के लिए अभिमंत्रित रुद्राक्ष नि:शुल्क वितरित किए गए।

पेट्रोल पंप का रास्ता रोका

अचलेश्वर मंदिर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और व्यवस्था के मद्देनजर ट्रैफिक रूट बदल दिया गया था। वहां रात से ही पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने सनातन धर्म मंदिर के सामने स्थित पेट्रोल पंप का रास्ता भी बंद कर दिया, जिससे दिनभर लोग परेशान हुए और उन्हें अन्य पंपों पर जाकर पेट्रोल-डीजल लेना पड़ा।

अचलेश्वर पर व्यवस्था देखते एसपी-डीएम

महाशिवरात्रि पर्व पर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने डीएम अक्षय कुमार सिंह और एसपी अमित सांघी अचलेश्वर मंदिर पहुंचे। जहां पुलिस के इंतजामात संभालने के लिए मौजूद एएसपी मोती उर रहमान से चर्चा की। भीड़ को बढ़ता देख पुलिस ने अचलेश्वर रोड से दर्शन के लिए जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए ललितपुर कॉलोनी गेट पर रास्ता रोक दिया था। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में भक्तगणों की अचलेश्वर मंदिर के दूसरे रास्ते से एंट्री चालू की गई।

प्रसादी के स्टॉल लगाए

महाशिवरात्रि के पर्व पर शिव भक्तों ने पूरे शहर में श्रद्धालुओं के लिए आलू-खिचड़ी के प्रसाद के स्टॉल लगाए। इन पर लाखों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कई जगह ठंडाई के स्टॉल भी लगाए गए थे। इनके अलावा अन्य फलाहारी प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी।

गायत्री मंदिर में सामूहिक शिव अभिषेक, 200 लोग हुए शामिल

महाशिवरात्रि के अवसर गायत्री मंदिर द्वारा सामूहिक शिव अभिषेक का आयोजन किया गया है। कौल नर्सिंगहोम के पास कंपू स्थित इस मंदिर पर काफी संख्या में भक्तगण पहुंचे और उन्होंने विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ भागवान शिव का अभिषेक किया। सुबह दस बजे से मंदिर प्रांगण में आचार्य डीपी लवानिया ने अभिषेक प्रारंभ कराया और तीन पालियों में दोपहर तीन बजे तक चला, जिसमें 200 लोगों ने अभिषेक किया। भक्तों को पूजन सामग्री मंदिर प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई गई। इस बारे में व्यवस्थापक शिववीर सिंह चौहान ने बताया कि इस आयोजन में डॉ. आरती सिंह, खुशबू गुप्ता एवं राजेन्द्र सिंह ने व्यवस्था बनाने में सहयोग किया।