सोलर से रोशन होगा पूरा निगम, खत्म होगा 50 करोड़ का भार : महापौर

सोलर से रोशन होगा पूरा निगम, खत्म होगा 50 करोड़ का भार : महापौर

जबलपुर। नगर निगम सदन में बजट प्रस्तुत करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू पीपुल्स समाचार पत्र कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने शहर के प्रति अपना नजरिया स्पष्ट करते हुए अखबार की कार्यप्रणाली को देखते हुए पीपुल्स समाचार के स्टॉफ से मुलाकात भी की। उन्होंने शहर विकास को लेकर पीपुल्स समाचार पत्र के समाचारों की सराहना भी की।

सवाल: आपके 3 प्रमुख ड्रीम प्रोजेक्ट कौन से हैं?

जवाब: मां नर्मदा में गंदे नाले मिलने से रोकना मेरा मुख्य काम है, 17.5 करोड़ रुपए की राशि से एसटीपी प्लांट के टेंडर हो चुके हैं। मेरा दूसरा मुख्य काम शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम बनाना है जिसके लिए मैंने जगह शहर में ही फाइनल कर ली है। तीसरा बड़ा काम नगर निगम मुख्यालय,पंप हाउसेस,जोन कार्यालयों में सोलर एनर्जी प्लांट लगाना है जिससे नगर निगम को जो 50 करोड़ से ज्यादा का सालाना बिजली बिल देना होता है उसे खत्म किया जा सके।

सवाल: आपने बजट में ग्रीन बॉण्ड की बात कही है इससे क्या होगा?

जवाब: ग्रीन बॉण्ड से हमें 200 करोड़ से अधिक की आय होगी। इससे एनएससी से बॉण्ड जारी होंगे। फेस वेल्यू के आधार पर लोग इसमें निवेश करेंगे। प्रोजेक्ट्स में फाइनेंशियल सपोर्ट कर शहर को तेजी से विकास की दौड़ में शामिल कर सकेंगे।

सवाल: आप कांग्रेस के नगर अध्यक्ष भी हैं शहर में चुनावी समीकरण क्या होंगे?

जवाब: कांग्रेस को प्रदेश में 160 सीटें मिल रही हैं। भाजपा का खुद का सर्वे उसे 70 सीटों पर मजबूत बता रहा है। शहर में सभी सीटें कांग्रेस की ही आएंगी।

सवाल: आप पार्टी चुनावों को कितना प्रभावित करेगी?

जवाब: आप पार्टी की सभी सीटों पर जमानत जब्त होगी। उन्हें केवल न्यूट्रल वोट मिलेंगे जो ज्यादातर भाजपा और कुछ हद तक कांग्रेस के हैं।