जवानों को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नही किया जा सकता

जवानों को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नही किया जा सकता

जबलपुर। 8 फरवरी को ग्रेनेडियर रेजिमेंट के होशियार सिंह पीवीसी परेड ग्राउंड में भारतीय सेना मध्य कमान अलंकरण समारोह 2023 आयोजित किया गया। अलंकरण समारोह में लेफ्टीनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, जनरल आँफिसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य कमान ने अधिकारियों और अन्य रैंकों को वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। पुरस्कारों में 11 वीरता पुरस्कार और 20 विशिष्ट सेवा पुरस्कार शामिल हैं। इस अवसर पर जवानों को संबोधित करते हुए आर्मी कमांडर मध्य कमान ले.जनरल डिमरी ने कहा कि देश के उत्तर और उत्तर पुर्वी भागों में हमारी फौज ने आंतक विरोधी अभियानों को सफलता पूर्वक अंजाम दिया है। पर्वतीय इलाकों में हिमपात हो या बाढ़ आए हमारे सेनिकों ने आपदा प्रबंधन में बढ़ चढ़कर सहयोग किया। अलंकर समारोह में सभी पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त करता हूं।

पुरस्कार बहादुरी का प्रतीक

श्री डिमरी ने कहा कि मैं राष्ट्र को आश्वास्त करना चाहता हूं कि भारतीय सीमा देश की सीमाओं की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने वीर जवानों को खो देने का दर्द शब्दों में व्यक्त नही किया जा सकता। अलंकरण समारोह में वीर जवानों को मिलने वाले पुरस्कार आपकी आत्मविश्वास, बहादुरी और निष्ठा का उदाहरण है और सबकों प्रेरित करता है।

ये हुए पुरस्कृत

आर्मी कमांडर ने समारोह के दौरान 16 जीओसी-इन-सी यूनिट प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए । पुरस्कार विजेताओं को उनके शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया है। लेफ्टीनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने सराहनीय और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 4 सूर्य कमान ट्राफियां, सर्वश्रेष्ठ ईसीएचएस पॉली क्लिनिक, सर्वश्रेष्ठ ग्रीन मिलिट्री स्टेशन, सर्वश्रेष्ठ जोनल मिलिट्री अस्पताल, सर्वश्रेष्ठ फील्ड अस्पताल भी प्रदान कीं। इस अवसर पर लेफ्टीनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।

बनाए रखें उच्च परंपरा

उन्होंने सभी रैंकों को हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और भारतीय सेना की उच्च परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, नागरिक और जबलपुर में निवास करने वाले पूर्व सैनिक उपस्थित थे। सभी लोगों ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस को श्रद्धांजलि दी और पुरस्कार विजेताओं की सेवा और वीरता की सराहना की।