आज होगा बुराई के प्रतीक का अंत

आज होगा बुराई के प्रतीक का अंत

इंदौर। विजयादशमी के अवसर पर रामबाग मैदान, विजय नगर, उषागंज सहित विभिन्न स्थानों पर बुराई के प्रतीक रावण का दहन होगा। इसके पूर्व शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार रामबाग मैदान पर 101 फीट के इॅकोफ्रेंडली रावण का दहन किया जाएगा। इसके पूर्व भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें राम, सीता, हनुमान के रूप में कलाकार शामिल होंगे। रावण के साथ 300 फीट लंबी लंका का भी निर्माण किया गया है, जिसका भी दहन होगा। आयोजक सचिन गौड़ के अनुसार रामबाग दशहरा उत्सव समिति द्वारा यह 32वां आयोजन है। रंगारंग आतिशबाजी होगी- विजय नगर रावण दहन समिति द्वारा इस वर्ष 61 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। गन्नू महाराज मंडली भजन प्रस्तुति देगी। आयोजनकर्ता दीपेश यादव, अंकित यादव, भारत देशमुख एवं प्रकाश खेतान के अनुसार समिति द्वारा 1982 से रावण दहन किया जा रहा है। यह 41वां वर्ष है। रावण के पुतले का दहन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला करेंगे। इस अवसर पर रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी। हाथों से स्टॉप-उषागंज छावनी में तैयार रावण दोनों हाथों की हथेलियों को कुछ इस तरह रखे है जिससे वह रुकने के लिए इंगित करता जान पड़ रहा है। उसे आभास हो गया था कि उसकी मौत अब करीब है। रावण दहन के पूर्व आतिशबाजी भी होगी। 71 फीट का रावण-भंवरकुआं स्थित इंद्रपुरी कॉलोनी में 71 फीट के रावण का दहन होगा। संयोजक मनीष शर्मा ने बताया कि अहिल्याबाई होलकर उद्यान में शाम 7 बजे रंगारंग आतिशबाजी होगी। रात्रि 9 बजे रावण का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कृष्ण मुरारी मोघे, अण्णा महाराज शामिल होंगे।