मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में कल 80 नवयुगल बंधेंगे विवाह बंधन में

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में कल 80 नवयुगल बंधेंगे विवाह बंधन में

इंदौर। कोरोना के पूर्व से रुकी पड़ी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना इस वर्ष फिर से शुरू हो गई है। इसके अंतर्गत गरीब परिवारों के लड़के- लड़कियों का विवाह सरकार की ओर से कराया जाता है। इस बार इस योजना में 80 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। विवाह के लिए लड़कियों की न्यूनतम आयु 18 और लड़कों की आयु 21 वर्ष तय की गई है। इन जोड़ों की उम्र का सर्टिफिकेशन (प्रमाणीकरण) भी करा लिया गया है।

मुख्यमंत्री की योजना के तहत 27 फरवरी को 80 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। यह विवाह समारोह चिमनबाग मैदान में आयोजित होगा, जिसके लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में आज बेटियों को दिया जाने वाला गृहस्थी का सामान तैयार किया जाएगा। सामाजिक न्याय विभाग अधिकारी शुचिता तुर्की बेग ने बताया कि योजना के तहत 38 हजार कीमत का गृहस्थी का सामान व 11 हजार रुपए की नकद राशि कन्या को विवाह के लिए दी जाएगी। 6 हजार रुपए आयोजन के लिए भी दिए जाएंगे। विभाग ने टेंडर जारी कर तीन वेंडरों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। नगर निगम अधिकारी अभय राजेंद्र राव के अनुसार चिमनबाग परिसर में टेंट लगाने सहित अन्य जरूरी काम शुरू हो चुके हैं।

दुल्हनों को मिलेगा ये सामान

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत दुल्हनों को गृहस्थी का सामान भी दिया जाएगा। इसमें एक सिलाई मशीन, स्टील की अलमारी, फाइबर की 6 कुर्सियां, एक टेबल, लोहे का निवार वाला पलंग, रजाई-गद्दा-तकिया, स्टील की तपेली, परात, प्रेशर कुकर, छोटे और बड़े स्टील के हंडे, स्टील की तपेली, 6 थालियां आदि दिए जाएंगे। चांदी की बिछिया, पायल, माथे का टीका और मंगलसूत्र भी दिया जाएगा। साथ ही वधू को साड़ी और शृंगार की पेटी भी दी जाएगी, जिसमें शृंगार के कई सामान होंगे।