भीमबेठका में योग उत्सव, 100 लोगों ने लिया भाग

भीमबेठका में योग उत्सव, 100 लोगों ने लिया भाग

भोपाल से 45 किमी दूर स्थित पर्यटन स्थल भीमबेठका में विशेष योग उत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे आयोजित किया गया, जिसमें शहर के लगभग 100 लोग शामिल हुए । आयुष मंत्रालय की तरफ से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस -2022 की तैयारी को लेकर 21 जून तक 100 दिन, 100 संस्थान और 100 शहर में योगोत्सव 2022 मनाने का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें 75 स्थान हेरिटेज साइट्स का हिस्सा है, जिसमें से भीमबेठका भी एक है। इसी कड़ी में योग विभाग बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल और एमडीएनआईवाय (आयुष मंत्रालय) के संयुक्त तत्वावधान से विश्व धरोहर स्थल भीमबेठका में इस विशेष योग उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरजे राव ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि अधीक्षण पुरातत्वविद मनोज कुमार कुर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योग विभाग बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल की (एचओडी) डॉ. साधना दौनेरिया ने किया।