चौतरफा रहा आजादी का जश्न : पुलिस परेड मैदान में मुख्य आयोजन

चौतरफा रहा आजादी का जश्न : पुलिस परेड मैदान में मुख्य आयोजन

जबलपुर। आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आयोजन पुलिस परेड मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। हाईकोर्ट भवन में चीफ जस्टिस रवि मलिमठ ने झंडा फहराया। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं में तिरंगा लहराया। युवाओं की टोली दिन भर तिरंगा लेकर रैली निकालती रही। ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि श्री सिंह ने खुली सफेद जिप्सी में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन और एसपी तुषार कांत विद्यार्थी के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। समारोह में मप्र गान भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे गगन में मुक्त किए। स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वे मॉडल उमा विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। विधायक अशोक रोहाणी, जिपं. अध्यक्ष संतोष बरकड़े, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, ननि अध्यक्ष रिंकूज विज, एडीजीपी उमेश जोगा, नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखड़े, जिपं सीईओ जयति सिंह, अपर कलेक्टर मिशा सिंह एवं शेर सिंह मीणा मौजूद रहे। संचालन डॉ. गिरीश मेराल एवं डॉ. नूपुर निखिल देशकर ने किया।

संभागायुक्त कार्यालय

संभागायुक्त अभय वर्मा ने ध्वज फहराया। इस अवसर पर राष्ट्रगान का गायन भी हुआ। इस दौरान कार्यालय के सभी कर्मी मौजूद रहे।

कलेक्टर कार्यालय

कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभी शासकीय कार्यालयों के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।

महाधिवक्ता कार्यालय

महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह, आशीष आनंद बर्नाड, भरत सिंह एवं जान्हवी पंडित, उप महाधिवक्ता विवेक शर्मा, अमित सेठ, स्वप्निल गांगुली एवं ब्रम्ह दत्त सिंह, सभी विधि अधिकारी तथा महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।

विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्ति भवन

मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील कुमार तिवारी, पावर मैनेजमेंट कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन व प्रशासन राजीव गुप्ता उपस्थित रहे। श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश की तीनों डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियां उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए विभिन्न बिजली कंपनियों के 60 कर्मियों को पुरस्कृत किया। परेड का नेतृत्व सुरक्षा निरीक्षक प्रवीन कपूर ने किया। संचालन जनसम्पर्क अधिकारी पंकज स्वामी ने किया।