‘मेगा शो’ के जरिए आक्रामक अंदाज मे भाजपा उतरी सड़क पर

‘मेगा शो’ के जरिए आक्रामक अंदाज मे  भाजपा उतरी सड़क पर

भोपाल । मध्यप्रदेश में 27 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा आक्रामक तेवरों के साथ सड़क पर उतर आई है। ग्वालियर-चंबल की 16 सीटों पर चुनावी माहौल गर्माने के लिए सत्तासंगठन के दिग्गजों ने तीन दिनी ‘मेगा शो’ के जरिए विरोधी दल को रणनीति के तहत मानसिक दबाव में ला दिया। चुनावी तैयारियों के मामले में कांग्रेस की सक्रियता मीडिया में ज्यादा दिखी, लेकिन महासदस्यता अभियान के बाद भाजपा यह दावा करने लगी है कि अंचल में कांग्रेस की जमीन खिसक गई है। मेगा शो के बाद अब प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी का इंतजार होने लगा है। भाजपा ने इस अंचल में चुनावी सरगर्मी बढ़ाने और प्रचार युद्ध में विरोधी दल कांग्रेस पर शुरूआती बढ़त बनाने की रणनीति के साथ यह मुहिम शुरू की। सियासी तौर पर अपने तेवर दिखा दिए। भाजपा का दामन थामने के बाद सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का ग्वालियर में यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। भाजपा ने इसलिए भी इस पर ज्यादा मेहनत की ताकि कार्यकर्ताओं के साथ जनता और विरोधी दल को भी संदेश पहुंच जाए।

 उपचुनाव में बाजी पलटने की तैयारी

, बताई ताकत ग्वालियर अंचल में तीन दिनी महासदस्यता अभियान के जरिए भाजपा ने दावा किया है कि करीब 76 हजार कांग्रेसियों और अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी के नाम-पते और संपर्क नंबर की सूचियां भी भाजपा ने तैयार कराई हैं। नवंबर 2018 में विधानसभा के आमचुनाव में कांग्रेस ने इस अंचल में सर्वाधिक सीटें जीती थीं इसलिए भाजपा उपचुनाव में बाजी पलटने के लिए पूरी ताकत और तैयारी के साथ चुनावी मैदान में ताल ठोक रही है। भाजपा अक्टूबर अंत में उपचुनाव की संभावना मानकर तैयारियों में जुटी है।

भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारी

इस मेगा शो के बाद भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बनने वाले ‘चंबल प्रोग्रेस वे’ का भूमिपूजन कराने की योजना भी बना ली है। चुनावी अधिसूचना के पहले ही इस कार्यक्रम के माध्यम से पूरे अंचल को प्रभावित करने की रणनीति है। इसके अलावा वर्चुअल रैली, क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की बैठकों के अलावा समयदानी कार्यकर्ता और प्रचारकों का तंत्र बूथ स्तर पर पहले ही तैनात हो चुका है। भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल का कहना है कि सदस्यता अभियान के बाद क्षेत्र में कांग्रेस की जमीन खिसक चुकी है। मुद्दा और नेतृत्व के तौर पर उपचुनाव में भाजपा आक्रामक रूख ही रखेगी। चुनाव में स्थानीय से लेकर प्रदेश स्तरीय मुद्दे उठेंगे, विकास का मंत्र और भाजपा संगठन का तंत्र सिद्ध होगा और जनता का आशीर्वाद मिलेगा।

 कांग्रेस सिमट चुकी: शर्मा

कांग्रेस का जनता के साथ कपट उजागर हो चुका है। उपचुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से अपनी जीत दर्ज कराएगी। बूथ स्तर पर हमारा नेटवर्क सक्रिय है, माहौल भी हमारे पक्ष में है। सिंधियाजी के समर्थक और बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, यह संख्या 76 हजार से अधिक है। कांग्रेस अब सिमट चुकी है। वीडी शर्मा, अध्यक्ष, मप्र भाजपा