विदिशा में छाता सुधार रही महिला के पास पहुंचकर सीएम ने सौंपा 50 हजार का चेक

विदिशा में छाता सुधार रही महिला के पास पहुंचकर सीएम ने सौंपा 50 हजार का चेक

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को विदिशा प्रवास पर पहुंचे अलग ही अंदाज में नजर आए। रेलवे प्लेटफार्म के बाहर मौजूद लोगों से उन्होंने हालचाल पूछे। छात्रों के साथ सेल्फी ली और माधवगंज में इंदौरी पान भंडार पर पहुंचकर पान का आनंद भी लिया। सीएम ने वहीं छाता मरम्मत कर रही महिला दुर्गाबाई को देखा, तो उसके हालचाल पूछने लगे। महिला ने घर की व आजीविका की समस्या बताई, तो सीएम ने तुरंत ही उसे स्वेच्छानिधि से 50 हजार रुपए की अनुदान राशि देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दुर्गाबाई से पूछा कि लाड़ली बहना की राशि मिली की नहीं? महिला ने बताया कि एक हजार रुपए मिल गए हैं। पहले 600 रुपए की पेंशन मिलती थी, वह भी एक हजार हो गई है। कलेक्टर ने तुरंत ही 50 हजार रुपए का चेक दुर्गाबाई पत्नी मुकेश वंशकार को सौंप दिया। मुख्यमंत्री ने सिद्धेश्वरी मंदिर में पूजन भी किया।

पूर्व वित्त मंत्री के घर पहुंचकर जाना हालचाल

प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री चौहान रेलवे स्टेशन के कायाकल्प कार्यक्रम के उपरांत पूर्व वित्त मंत्री राघवजी के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उनकी कुशलक्षेम की जानकारी लेते हुए करीब आधे घंटे तक सामान्य वार्तालाप हुआ। उल्लेखनीय है कि राघवजी भाजपा सरकार में वित्त मंत्री थे। उन पर उत्पीड़न के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हाल ही में कोर्ट से उन्हें इस मामले में क्लीन चिट मिली है।