सीएम ने उज्जैन में देश की पहली हेल्दी फूड स्ट्रीट प्रसादम का लोकापर्ण किया

सीएम ने उज्जैन में देश की पहली हेल्दी फूड स्ट्रीट प्रसादम का लोकापर्ण किया

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के श्री महाकाल लोक में देश के पहले हेल्दी और हाइजीनिक फूड स्ट्रीट प्रसादम का लोकार्पण रविवार को किया। इस फूड स्ट्रीट को 1 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी थे। मंत्री मांडविया ने कहा कि उज्जैन के बाद देशभर में 100 स्थानों पर यह स्ट्रीट खोली जाएगी। यहां समौसा-कचौरी और जंक फूड पूरी तरह से प्रतिबंधित होंगे। फरवरी के प्रथम सप्ताह में इसे पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। मिलेगा मोटे अनाज को बढ़ावा: प्रसादम में मोटे अनाज से बने पकवान को बढ़ावा दिया जाएगा। वेंडर्स को फूड हैंडलिंग ट्रेनिंग दीजाएगी। ट्रीट फूड को हाइजीनिक बनाने के लिए इसे एक मॉडल की तरह दो दिन चलाएंगे। दो दिन बाद शॉप का अलॉटमेंट होगा। लोगों को हाई क्वालिटी भोजन मिलेगा। मोटे अनाज के उत्पादों में राजगिरा, सनवा, कुट्टू, रागी, कांगनी, कोदो, समा, बाजरा, चना, ज्वार से बने व्यंजन मिल सकेंगे। सीएम ने जनसभा को संबोधित किया और कहा कि उन्होंने निर्देश दिया है कि खुले में मांस-मछली बेचने पर रोक लगाई जाए। इसका उल्लंघन कर रही राज्य की करीब 25 हजार दुकानों को बंद किया गया है। उन्होंने विकास से जुड़े करीब 218 करोड़ रुपए के 187 प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने ऐलान किया कि मकर संक्रांति को महिला सशक्तिकरण दिवस के तौर मनाया जाएगा।