कांग्रेस की पहचान करप्शन-कमीशनबाजी, जबकि भाजपा विकास की पयार्य: शिवराज

कांग्रेस की पहचान करप्शन-कमीशनबाजी, जबकि भाजपा विकास की पयार्य: शिवराज

बेंगलुरु। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर्नाटक की चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण की बात करती है। करप्शन, क्राइम और कमीशनबाजी कांग्रेस की पहचान बन गए हैं। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी की पहचान है- विकास, रेल कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी और स्वच्छता। भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार ने कर्नाटक में भी विकास के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने कर्नाटक के चिक्कोडी जिले की हुक्केरी विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी निखिल कट्टी, बेलगावी जिले की रामदुर्गा विधानसभा में प्रत्याशी चिक्कारेवन्ना और गोकक विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी रमेश जारकीहोली के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी यहां चुनावी सभाएं संबोधित कीं।

कांग्रेस का खात्मा करेंगे राहुल गांधी

शिवराज ने कहा, देश की आजादी के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए। उस समय पं. नेहरू ने उनकी बात नहीं मानी। लेकिन राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की बात मान ली है और संकल्प लिया है कि वो कांग्रेस को खत्म करके ही छोड़ेंगे। कांग्रेस का कहीं अस्तित्व नहीं रह गया।

कोर्ट ने सुनाई सजा, अब भागते फिर रहे राहुल

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि राहुल बाबा भले ही 50 साल के हैं, लेकिन उनकी मानसिकता पांच साल के बच्चे जैसी है। कोर्ट ने सजा सुना दी है, तो राहुल बाबा भागते फिर रहे हैं। कर्नाटक में वादे कर रहे हैं, गारंटी दे रहे हैं। वो 2018 में मध्यप्रदेश भी आए थे और वादे किए थे। लेकिन कांग्रेस की उस सरकार ने सवा साल में न तो किसानों का कर्ज माफ किया, न बेरोजगारी भत्ता दिया। 

कांग्रेस मुक्त करें बूथ: वीडी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मल्लेश्वरम विधानसभा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के लिए हमें भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाकर अपने बूथ को कांग्रेस मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी डॉ. अश्वथ नारायण की लोकप्रियता के पीछे उनके द्वारा किए गए विकास कार्य और सेवाभाव है। कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का जादू चल रहा है।