उदया तिथि में 7 को भद्रा रहित होलिका दहन

उदया तिथि में 7 को भद्रा रहित होलिका दहन

ग्वालियर। रंगों के पर्व होली की शुरूआत हो चुकी है। इसके लिए शहर के 500 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सबसे बड़ी होली सर्राफा बाजार में जलाई जाएगी। इसमें 25 हजार से अधिक कंडे लगाए जाएंगे। साथ ही लाल पिटारा गौशाला मुरार तथा शहर के आश्रम और मठों में होली का आयोजन होगा। होली को ऑर्गेनिक रूप देने के लिए गोबर का घोल और पलाश के फूलों का उपयोग किया जाएगा। इसके बाद शहरवासी संतों तथा साधकों के संरक्षण में होली खेलेंगे।

बालाजी धाम काली माता मंदिर के ज्योतिषाचार्य डॉ सतीश सोनी के अनुसार होलिका दहन पर विशेषता भद्रा का ध्यान रखा जाता है। फाल्गुन पूर्णिमा तिथि 6 मार्च को शाम 4.17 से 7 मार्च की शाम 6.10 बजे तक रहेगी। पूर्णिमा तिथि का सूर्योदय 7 मार्च को होगा। इसलिए उस दिन उदया तिथि होने से होलिका दहन किया जाना चाहिए और 8 मार्च को धुलेंडी उत्सव मनाया जाएगा। इस बार होलिका दहन पर भद्रा नहीं रहेगी। होलिका दहन की सुबह 7 मार्च को भद्रा समाप्त हो जाएगी। होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम 6.24 से रात 8.51 बजे तक रहेगा।

चक्रवाती घेरा का असर, सुबह बूंदाबांदी, दिन में धूप खिली

उत्तरी गुजरात और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती घेरा बनने के कारण पश्चिमी मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज अभी भी बदला हुआ है। सुबह के समय हल्की बूंदें गिरीं, लेकिन दिनभर आसमान साफ रहा और अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञानी प्रसून पुरवार का कहना है कि एक-दो रोज में अगर हल्की फुहार आई तो बात अलग है अन्यथा होली के मौके पर तापमान बढ़ेगा।

पुलिस अर्लट, ड्रिंक एण्ड ड्राइव पर फोकस

होली के त्योहार पर शहर भर में माहौल सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस का फ्लैग मार्च और वाहन चेकिंग पर फोकस किया जा रहा है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा बल के साथ शांतिपूर्ण त्योहार मनाने के लिए मार्च निकाला जा रहा है। इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की जा रही है। जिसमें रविवार की रात तक पुलिस ने 21 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला। इस कार्रवाई में यातायात पुलिस की पांच टीमों ने काम किया जिनमें कंपू, सिटी सेंटर, मेला स्थित यातायात थाने का पुलिस बल शामिल रहा। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एएसपी सिटी सेंट्रल ऋषिकेश मीणा ने तीनों सीएसपी सर्किल में पैदल मार्च कर इलाके में गुडें बदमाशो को राउंड अप किया।

पांच ट्रेनों को दिया अस्थायी ठहराव

होली के अवसर पर जैन तीर्थ स्थल सोनागिर में लगने वाले मेले के लिए रेल प्रशासन द्वारा पांच ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है। सोनागिर स्टेशन पर यह ट्रेनें अस्थायी तौर पर आगामी 15 मार्च तक रुकेंगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सोनागिर पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। क्योंकि दतिया जिला मुख्यालय से लगभग 12 किमी दूर सिद्ध क्षेत्र सोनागिर में चंद्र प्रभु के मोक्ष कल्याण के उपलक्ष्य में पारंपरिक मेला लगाया जाता है। मेले में विभिन्न समाजों के लोग शामिल होते हैं।

पिचकारियों की मांग

रंगों के पर्व को लेकर बाजार में इन दिनों पिचकारियों को सज गया है दुकानों पर विभिन्न तरह की पिचकारियों नजर आ रही हैं। विभिन्न काटूर्न कैरेकटर के साथ ही सहित कई प्रकार की पिचकारियां बच्चों के साथ युवाओं का खासी पसंद आ रही हैं इसके साथ ही गुलाल व रंगों की भी इस बार खासी बिक्री होने वाली है।

होली पर ग्रहों की स्थिति

डॉ सोनी ने बताया कि होलिका दहन के दिन शनि कुंभ में सूर्य, बुध और शनि का त्रिग्रही योग बन रहा है। ऐसा संयोग 30 साल बाद बन रहा है। इससे पूर्व वर्ष 1993 में होलिका दहन के अवसर पर उक्त तीनों ग्रह कुंभ राशि में थे। इस त्रिग्रही योग के अलावा मीन राशि में गुरु और शुक्र की युति का शुभ योग भी बन रहा है। शुक्र अपनी उच्च राशि मीन में होने से मालव्य योग और गुरु अपनी स्वराशि में होने से हंस नामक राज योग बना रहे है। वही कुंभ राशि में सूर्य और बुध होने से सूर्य बुध आदित्य योग का भी निर्माण होगा। ग्रहों के इन शुभ संयोग से मेष राशि, मिथुन राशि, सिंह राशि, धनु राशि मीन राशि के जातकों को शुभ फल प्राप्त होंगे।