पंजाब में सबसे ज्यादा 2,132 शहीद की विधवाएं, यूपी नं.-2

पंजाब में सबसे ज्यादा 2,132 शहीद की विधवाएं, यूपी नं.-2

नई दिल्ली। देश के लिए हंसते-हंसते बलिदान देने वालों में पंजाब अगुआ राज्यों में रहा है। अब रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े बताते हैं कि युद्ध या सैन्य आपरेशन के दौरान मारे गए सैनिकों की विधवाओं यानी वीर नारी की सबसे ज्यादा संख्या पंजाब में है। संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में रक्षा मंत्रालय की ओर से पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में इस समय सबसे ज्यादा 2,132 युद्ध विधवाएं रहती हैं, जबकि देश की सबसे अधिक आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश जहां कुल जनसंख्या का करीब 17 फीसदी हिस्सा रहता है। पंजाब के बाद यूपी दूसरे नंबर पर है, यहां 1,805 वीर नारी रहती हैं। जबकि पूरे देश में इस समय 14,467 वीर नारी रह रही हैं।

देश में सबसे ज्यादा जवान पंजाब से

इससे पहले केंद्र ने 2019 में नवंबर में दिए आंकड़ों में सैनिकों को लेकर राज्यवार विस्तृत जानकरी दी थी, जिसके अनुसार देश की सेना में कुल 11.54 लाख जवानों और जूनियर कमीशंड आफिसर्स (जेसीओ) हैं, जिसमें सबसे अधिक संख्या पंजाब से है और यहां से 89,893 सैनिक और जेसीओ आते हैं। यही नहीं राज्य में करीब 4 लाख रिटायर सैन्यकर्मी भी शामिल हैं, जिसमें विधवा पेंशनर भी हैं।

इसलिए पंजाब है आगे 

खास बात पंजाब जहां देश की कुल आबादी का महज 2.3 फीसदी हिस्सा ही रहता है, लेकिन देश के लिए प्राण न्योछावर करने में मामले में अन्य राज्यों से कहीं आगे हैं और इसी का उदाहरण है कि सबसे ज्यादा युद्ध विधवाएं यहीं रहती हैं।

टॉप-5 में उत्तराखंड और राजस्थान 

पंजाब और उत्तर प्रदेश के बाद तीसरे नंबर पर हरियाणा आता है, जहां पर 1,566 युद्ध विधवाएं रह रही हैं। हरियाणा के बाद उत्तराखंड और राजस्थान का नंबर है। उत्तराखंड में 1,407 और राजस्थान में 1,317 वीर नारी रहती हैं।