नई दिल्ली के पश्चिम विहार की निर्भया की हालत नाजुक

नई दिल्ली के पश्चिम विहार की निर्भया की हालत नाजुक

नई दिल्ली। दिल्ली के पश्चिम विहार में दरिंदगी की शिकार हुई 12 साल की मासूम की हालत नाजुक है। बच्ची का एम्स में इलाज चल रहा है और अब उसे न्यूरोसर्जरी आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। एम्स सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि मासूम अभी वेंटिलेटर पर है और उसका प्लेटलेट काउंट बहुत कम है। प्लेटलेट काउंट में सुधार के बाद उसकी न्यूरोसर्जरी हो सकती है।
इस मामले में दिल्ली की एक अदालत ने पीड़ित बच्ची के परिवार को 2 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा देने का आदेश दिया है। दरअसल, दिल्ली स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर कोर्ट का रुख किया था। दिल्ली महिला आयोग के वकील ने इस मामले में पीड़ित का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीड़ित बच्ची के परिवार के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर बताया है कि मासूम की हालत बहुत नाजुक है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश कर रहे हैं। प्लीज, उसके लिए दुआ कीजिए। इस बीच पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। 

पश्चिम विहार वेस्ट के पीरागढ़ी में इसी हफ्ते मंगलवार को मासूम के साथ निर्भया जैसी दरिंदगी की गई थी। पुलिस ने इस मामले में कृष्णा (33) नाम के आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बारे में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिला था।

आरोपी ने बच्ची के साथ उस वक्त हैवानियत की जब वह घर में अकेली थी। विरोध करने पर आरोपी ने न सिर्फ कैंची से उसके सिर और शरीर को गोद डाला, बल्कि उसके साथ निर्भया जैसी हैवानियत की। आरोपी ने रेप के बाद बच्ची की हत्या की कोशिश की और खून से लथपथ बच्ची को मरा हुआ समझकर आरोपी वहां से फरार हो गया था।