संपत्तिकर ने काटी 3758 रसीदे वसूले 7.56 करोड़ व प्रदेश में दूसरे स्थान पर ग्वालियर

संपत्तिकर ने काटी 3758 रसीदे वसूले 7.56 करोड़ व प्रदेश में दूसरे स्थान पर ग्वालियर

ग्वालियर। निगम संपत्तिकर विभाग ने नेशनल लोक अदालत में 10 करोड़ टारगेट के चलते 3758 रसीदें काटकर 7.56 करोड़ की रिकार्ड राशि वसूल की है। क्योंकि बीते तीन लोक अदालत में निगम को 9.95 करोड़ की ही राशि मिल पाई थी, वहीं प्रदेश स्तर पर चले वसूली अभियान में ग्वालियर दूसरे स्थान पर रहा है। जबकि पूरे अभियान में वार्ड क्रमांक 60, तो जोन क्रमांक 14 सबसे ज्यादा 1.62 करोड़ की वसूली देने वाला रहा है। जलकर वसूली के चलते निगम को 1836 प्रकरण निपटाकर 51.15 लाख की राशि मिली है।

वर्ष 2023-24 के लिए निगम संपत्तिकर विभाग को 242 करोड़ का टारगेट मिला हुआ है और निगम अमले ने अभी तक 44 हजार रसीदे काटकर लगभग 26. 73 करोड़ की वसूली की जा चुकी है, जिसमें 4.22 करोड़ गार्बेज शुल्क शामिल है। जबकि बीते वित्तीय वर्ष 2022-23 में सितंबर तक 35 हजार रसीदे काटने के बाद लगभग 25.74 करोड़ की राशि मिली थी, जिसमें गार्बेज शुल्क के 3.72 करोड़ की राशि शामिल थी, चालू वित्तीय वर्ष की वसूली बीते वर्ष से लगभग 99 लाख ज्यादा है और अभी चालू वित्तीय वर्ष समाप्त होने के 6 माह बाकी है। जिसके चलते वसूली टारगेट की शेष राशि लगभग 215 करोड़ वसूली करने के लिए निगम अमले को प्रतिदिन लगभग 1 करोड़ की वसूली करना जरूरी है, लेकिन बीते वर्ष में निगम अमला कुल 97.39 करोड़ की ही वसूली कर पाया था।

पहले नबंर पर जोन 14, तो दूसरे पर 13 ने मारी बाजी

लोक अदालत में सबसे ज्यादा 1.48 करोड़ की वसूली करने का वाला वार्ड 60 व 1.62 करोड़ वाला जोन 14 रहा है। इसके बाद दूसरे स्थान पर 52.67 लाख वसूला वाला वार्ड 61, तो 84.53 लाख देने वाला जोन 13 रहा है। प्रदेश में दूसरे स्थान पर ग्वालियर: प्रदेश स्तर पर आयोजित नेशनल लोक अदालत में 7.56 करोड़ की वसूली देकर ग्वालियर दूसरे स्थान पर रहा है। जबकि पहले नंबर पर 17.39 करोड़ की राशि देकर इंदौर रहा है। वहीं 3.28 करोड़ की राशि देकर जबलपुर तीसरे स्थान पर है।