मीटिंग में पुतिन के कांपे हाथ, लड़खड़ाए पैर

मीटिंग में पुतिन के कांपे हाथ, लड़खड़ाए पैर

मास्को। यूक्रेन से भीषण युद्ध में भिड़े रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। इस संबंध में हाल ही में हुई एक मीटिंग का वीडियो सामने आया है, जिसमें पुतिन के हाथ बुरी तरह कांपते नजर आ रहे हैं। वीडियो में चलने के दौरान पुतिन के पैरों को लड़खड़ाते हुए भी देखा जा सकता है। वीडियो को चैनल वाइसग्रेड 24 ने जारी किया है, जिसमें पुतिन अपना एक हाथ सीने में रखे नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे हाथ की मुट्ठी बंद किए हुए हैं। संभवत: हाथ के कांपने को छिपाने के लिए वे ऐसा कर रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद ऐसी आशंकाएं जताई जा रही हैं कि पुतिन को संभवत: पार्किन्सन्स रोग हो गया है। इसके बाद के एक फुटेज में पुतिन बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेन्को से मुलाकात के दौरान भी असंतुलित नजर आए। इस दौरान जहां उनके पैर लड़खड़ा रहे थे, वहीं उनका अंगूठा अकड़ा हुआ नजर आ रहा था।

पार्किन्सन्स लाइलाज, नर्वस सिस्टम पर पड़ता है असर

डॉक्टरों का कहना है कि पार्किन्सन्स रोग का कोई इलाज नहीं है। इस रोग में नर्वस सिस्टम काम करना बंद कर देता है। इस रोग से पीड़ित व्यक्ति का शरीर हमेशा कांपते रहता है, उसका मूवमेंट धीमा हो जाता है तथा मांसपेशियां सख्त व कड़ी हो जाती हैं। इस रोग की पीड़ा को केवल वही व्यक्ति समझ सकता है जो इसका दर्द भुगत चुका हो। अधिकांश लोगों को यह रोग 50 वर्ष की उम्र के बाद होता है। लेकिन 20 में से एक व्यक्ति ऐसे भी होते हैं, जिन्हें चालीस वर्ष की उम्र से ही इसके लक्षण नजर आने लगते हैं।