राखी का बदला क्रेज, मोटू-पतलू, छोटा भीम बना नन्हे -मुन्नों की पहली पसंद

राखी का बदला क्रेज, मोटू-पतलू, छोटा भीम बना नन्हे -मुन्नों की पहली पसंद

जबलपुर। चंद दिनों बाद भाई-बहनों के प्रेम के प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस बार बाजार में राखियों का क्रेज बदला-बदला नजर आ रहा है। नौनिहालों के लिए मोटू-पतलू, छोटा भीम, डोरीमॉन जैसी राखियां पहली पसंद बनी हैं। वहीं युवाओं के लिए श्री गणेश, ओम, त्रिशूल लगी राखियां, रूद्राक्ष, कृत्रिम मोती जैसी राखी बहनों द्वारा पसंद की जा रही हैं। गौरतलब है कि राखी त्योहार की भीड़भाड़ से बचने राखी खरीदी का सिलसिला शुरू हो गया है।

त्योहार के लिए शहर के सभी बाजारों में राखी की दुकानें सज गई है। बीते 2 दिनों से बहनें अपने भाईयों के लिए राखियां खरीदने बाजार पहुंच रही हैं। इस बार राखी के बाजार में सामान्य धागे वाली राखियों की सबसे अधिक धूम है। बहनों को यह राखियां खूब पसंद आ रही है। शहर के प्रमुख बाजार में 5 रूपए से लेकर 400 रूपए तक की राखी बिक रही हैं। सराफा बाजार में आभूषण शॉप में विशेष तौर पर बनाई गईं  सोने एवं चांदी की राखियों की भी डिमांड है।

लौट रहा सराफा बाजार

वैवाहिक सीजन न होने से सराफा बाजार में भीड़-भाड़ नदारद सी हो गई थी। अब रक्षा बंधन के लिए बाजार में फिर पूछपरख शुरू हो गई है। सराफा कारोबारियों ने 750 रूपए से लेकर 18 हजार रुपए तक की आकर्षक राखियां बनाई गईं  है। बहन अपने भाईयों की कलाई सोने-चांदी की राखियों से भी सजाएंगी। सोने की कुछ राखियों के लिए हमारे पास पहले से डिजायन सहित आर्डर हैं।

तिरंगा राखियां भी छाईं 

व्यवसायी मनीष विश्वकर्मा एवं अलोक जैन ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर इस बार तिरंगा सहित अन्य आकर्षक राखियां बाजार में बिकने के लिए आई हैं। इसकी खरीददारी भी अच्छी हो रही है। इसके अलावा श्री गणेश, ओम, त्रिशूल लगी राखियां, रूद्राक्ष, कृत्रिम मोती, बच्चों के लिए लाइटिंग वाली राखी सहित अन्य राखियां भी हैं। राखियों की अधिक मांग होने से इस बार कुछ राखियों की कीमत में मामूली बढ़ोत्तरी भी हुई है।