रोवर प्रज्ञान ने चंद्रमा की सतह में ऑक्सीजन और गंधक सहित कई तत्व होने की पुष्टि की

एल्युमीनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम और टाइटेनियम भी खोजा

रोवर प्रज्ञान ने चंद्रमा की सतह में ऑक्सीजन और गंधक सहित कई तत्व होने की पुष्टि की

 बेंगलुरू। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मंगलवार को कहा कि चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान पर लगे एक उपकरण ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सतह में गंधक होने की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है। इसरो ने कहा कि रोवर पर लगे लेजर संचालित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोप (एलआईबीएस) उपकरण ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सतह में गंधक होने की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है। हाइड्रोजन की मौजूदगी के संबंध में गहन पड़ताल जारी है। बेंगलुरू में स्थित इसरो के मुख्यालय ने कहा कि उपकरण से चंद्र-चट्टान को लेजर से जलाकर सल्फर सहित 9 धातु व खनिजों की पुष्टि की गई है। उम्मीद के मुताबिक कैल्शियम, क्रोमियम, लौह, एल्युमीनियम, टाइटेनियम, मैगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता चला है। एलआईबीएस उपकरण को इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स (एलईओएस) इसरो, बेंगलुरू की प्रयोगशाला में विकसित किया गया है। इस उपलब्धि को भविष्य के खगोल अभियानों व चंद्रमा पर बेस बनाने की महत्वाकांक्षा के लिए अहम माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मिशन की सफलता पर प्रस्ताव पारित किया

 केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चंद्रयान-3 मिशन के तहत चंद्रमा की सतह पर सॉμट लैंडिंग की सराहना करते हुए मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कहा गया कि इस मिशन की सफलता अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की वैज्ञानिक उपलब्धि से कहीं अधिक देश की उन्नत सोच, आत्मनिर्भरता और वैश्विक मंच पर उभरते नए भारत की ताकत का प्रतीक है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के कारण भारत की बड़ी उपलब्धि पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और वैज्ञानिकों की सराहना की गई। प्रस्ताव में कहा गया है कि जब पूरा देश चंद्रमा पर मिशन चंद्रयान-3 की सफलता का जश्न मना रहा है, तब केंद्रीय मंत्रिमंडल भी इस खुशी में शामिल है। मंत्रिमंडल वैज्ञानिकों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करता है।

प्रज्ञान ने भेजा संदेश :

दोनों दोस्त अच्छे हैं रोवर प्रज्ञान ने पृथ्वी पर रहने वालों के लिए संदेश भेजा है। इस संदेश में प्रज्ञान ने बताया है कि वो और उसका दोस्त विक्रम (लैंडर) दोनों ही फिलहाल अच्छे हैं।

    नमस्कार पृथ्वीवासियों! यह चंद्रयान 3 का प्रज्ञान रोवर है। मुझे आशा है कि आप अच्छे होंगे। मैं हर किसी को बताना चाहता हूं कि मैं चंद्रमा के रहस्यों को उजागर करने के रास्ते पर हूं। मैं और मेरे दोस्त विक्रम लैंडर संपर्क में हैं। हम अच्छी तरह से हैं। - इसरो, भारतीय स्पेस एजेंसी