बेलारूस संग रूस ने शुरू किया सैन्य अभ्यास

बेलारूस संग रूस ने शुरू किया सैन्य अभ्यास

मॉस्को। यूक्रेन को लेकर अमेरिका और रूस के बीच रार बढ़ता ही जा रहा है। रूस और बेलारूस ने 10 फरवरी को सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू किया है। टैंक, लड़ाकू विमान और एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम के साथ ही हजारों सैनिक बेलारूस में 20 फरवरी तक एलाइड रिजॉल्यूशन 2022 अभ्यास में भाग ले रहे हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि 30 हजार से अधिक रूसी सैनिक अगले 10 दिनों तक सैन्य अभ्यास करेंगे। युद्ध अभ्यास यूक्रेन के साथ ही पोलैंड और लिथुआनिया के पास किए जा रहे हैं। बता दें कि पोलैंड और लिथुआनिया नाटो के सदस्य हैं। यह युद्ध अभ्यास ऐसे वक्त में हो रहा है जब रूस ने एक लाख से अधिक सैनिक यूक्रेन बॉर्डर पर तैनात किए हुए हैं। अमेरिका ने लगातार कहा है कि रूस यूक्रेन पर फरवरी के आखिरी तक हमला कर सकता है। हालांकि मॉस्को ने यूक्रेन पर आक्रमण करने से इनकार किया है।

अमेरिका और नाटो ने चिंता जताई

इस अभ्यास को लेकर अमेरिका और नाटो ने चिंता जताई है। नाटो ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन पर हमला करने से पहले रूस युद्ध अभ्यास कर रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि रूस इस ताक में है कि अगर नाटो, अमेरिका या यूक्रेन कोई रूस विरोधी कदम उठाता है तो मॉस्को इस बहाने यूक्रेन पर हमला कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने धमकी दी है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो क्रेमलिन पर ऐसेऐसे प्रतिबंध लगाए जाएंगे जो व्लादिमीर पुतिन ने देखे नहीं होंगे।