चंदन चोरी कर ले जा रहा सिक्योरिटी सुपरवाइजर गिरफ्तार 

चंदन चोरी कर ले जा रहा सिक्योरिटी सुपरवाइजर गिरफ्तार 

भोपाल।  बागसेवनिया पुलिस ने रविवार की सुबह बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सिक्योरिटी सुपरवाइजर को चंदन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो बोरों में भरी चंदन की 20 किलोग्राम लकड़ी जब्त की गई है, जिसकी कीमत पच्चीस हजार रुपए बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने विश्वविद्यालय परिसर से ही उक्त चंदन चोरी करना बताया है। 
पुलिस के मुताबिक सूचना मिल रही थी कि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से चंदन की चोरी की जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीमों को सतर्क किया गया था। रविवार की सुबह विश्वविद्यालय के गेट से बाहर निकल रहे स्कूटर सवार एक व्यक्ति को पुलिस ने रोका। स्कूटर पर दो बोरियों में लकड़ी भरी हुई थी, जिसे चेक किया गया तो वह चंदन की लकड़ी निकली। पूछताछ करने पर स्कूटर सवार ने अपना नाम पुरुषोत्तम चौरसिया (63) निवासी दुर्गा मंदिर के पास नारायण नगर बताया। चंदन के बारे में पूछने पर बताया कि उसने बीयू परिसर से ही काटा है। इसके बाद पुलिस ने पुरुषोत्तम के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चंदन की लकड़ी और स्कूटर जब्त की गई है। खास बात यह है कि जिस सिक्योरिटी कंपनी के पास बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की सुरक्षा का जिम्मा है, आरोपी उसी कंपनी में सुपरवाइजर का काम करता है। पुलिस ने सिक्योरिटी कंपनी के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी है।