रात की झमाझम के बाद तमतमाए सूर्यदेव

रात की झमाझम के बाद तमतमाए सूर्यदेव

ग्वालियर। दो दिन बाद रविवार-सोमवार की रात अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने सुबह मौसम सुहावना कर दिया। जब शहरवासी सोकर उठे तब तक वर्षा थम चुकी थी, लेकिन साफ सड़कें बता रही थीं कि रात में जोरदार वर्षा हुई है। इसके बाद चमकीली धूप निकली, जिससे दिनभर लोग परेशान रहे। जब तापमान 32 था, तब 42 डिग्री सेल्सियस का अहसास हो रहा था। रात में तीन घंटे में 38.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई। जन्माष्टमी से हो रही वर्षा में दो दिन के ब्रेक के बाद बीती रात हुई जोरदार वर्षा से सुबह खुशनुमा मौसम रहा। लेकिन जैसे ही सूर्य निकला, धूप की चमक चुभन करने वाली रही। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 1.30 से 4.30 बजे तक बदरा झूमकर बरसे। इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि तीन घंटे में 38.2 मिमी वर्षा हुई। इससे शहर की सड़कों की गंदगी साफ हो गई। सुबह जब लोग बिस्तर से निकले तो साफ-सुथरी सड़कें देखकर हैरान थे। तभी उन्हें समझ आया कि रात में अच्छी वर्षा हुई है, क्योंकि सुबह तक सड़कों का पानी भी सूख चुका था। मौसम विभाग के अनुसार अब तक (18 अगस्त) इस सीजन में शहर में कुल 391.8 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि तक हुई बारिश से 116 मिमी कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें आ सकती हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिसे अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिसे दर्ज हुआ, यह सामान्य से एक डिसे अधिक था।