यूक्रेन पर हमले की आशंका बरकरार

यूक्रेन पर हमले की आशंका बरकरार

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के हमले की संभावना बनी हुई है और इस हमले की मानवीय कीमत बहुत बड़ी होगी। टेलीविजन पर देश को संबोधन में बाइडन ने कहा कि अमेरिका इस तरह के कदम का निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस ने अब यूक्रेन के साथ सीमा पर सैनिकों की संख्या बढ़ा कर करीब डेढ़ लाख कर दी है। रूस के रक्षा मंत्री ने मंगलवार को कहा कि सैन्य बलों की संख्या घटा दी गई है,जबकि बाइडन ने कहा कि यह तथ्य अब तक सत्यापित नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा, रूस का कुछ सेना को वापस लेना अच्छा है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हमने अभी तक यह सत्यापित नहीं किया है कि रूसी सैन्य इकाइयां अपने बेस पर लौट रही हैं।

यूक्रेन के पास सैन्य निर्माण जारी रखे हुए है रूस : नाटो

नार्थ अटलांटिक ट्रीटी आगेर्नाइजेशन (नाटो) प्रमुख जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने कहा है कि रूस यूक्रेन के आसपास सैन्य निर्माण जारी रखे हुए है। इस बीच 16 फरवरी को रूसी मीडिया ने क्रीमिया से सैनिकों के लौटने की तस्वीरें दिखाई हैं। 15 फरवरी को ऐसी रिपोर्ट्स आई थी कि रूस के कुछ सैनिकों को वापस बुला लिया है।