आज सोमवती के साथ में हरियाली अमावस्या एक साथ मनाई जाएगी

आज सोमवती के साथ में हरियाली अमावस्या एक साथ मनाई जाएगी

भोपाल। श्रावण माह में कृष्ण पक्ष के तीसरे सोमवार यानी 20 जुलाई को सोमवती और हरियाली अमावस्या का संयोग बन रहा है। सुबह पुनर्वसु नक्षत्र और रात में पुष्य नक्षत्र होने से सोम पुष्य नक्षत्र भी है। साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग भी है। इस संयोग में शिव पूजन करने से विशेष मनोरथ की प्राप्ति होगी। मां चामुंडा दरबार के पुजारी पं. रामजीवन दुबे गुरुजी और ज्योतिषाचार्य विनोद रावत ने बताया कि इस दिन लोग घर, पवित्र नदियों, जलाशयों में स्नान कर दान करने पहुंचेंगे। पं. दुबे ने बताया कि हरियाली अमावस्या के दिन पीपल और तुलसी की पूजा करते हैं। साथ ही गंगा, नर्मदा सहित अन्य पवित्र नदियों के जल से आचमन करने से पाप नष्ट होते हैं। पं दुबे ने बताया कि भोलेनाथ के साथ पितृ पूजा करने से पितृ दोष दूर होते हैं। इस दिन सूर्यदेव को जल अर्पण करके तुलसी पौधे की 108 परिक्रमा करनी चाहिए। इसी दिन किसान अपने खेत- खलिहान में उपयोग किए जाने वाले कृषि औजारों और बैलों की भी पूजा- अर्चना करते हैं। उन्होंने बताया कि श्रावण महीने को सोमवार होने से भगवान शंकर का जल, दूध, दही, शहद, शकर, घी, धतूरा, फल, बिल्व पत्र, कुमकुम, अगरबत्ती, कपूर, भांग, जनेऊ पूजन करना पुण्य फलदायी माना गया है।