देश में 2 दिन में बढ़े 1 लाख मरीज, आंकड़ा 15 लाख के पार, 9.88 लाख ठीक भी हुए

देश में 2 दिन में बढ़े 1 लाख मरीज, आंकड़ा 15 लाख के पार, 9.88 लाख ठीक भी हुए

नई दिल्ली। देश में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। भारत में कोरोनावायरस के मामले बढ़कर 15 लाख के पार पहुंच गए हैं। हालांकि 9.57 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। देश में बुधवार को कोरोना के 15.29 लाख से ज्यादा केस हो गए। रविवार को संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 14,36,019 था। वहीं मृतकों की संख्या 33,866 है। उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर है। भारत से ऊपर ब्राजील और पहले स्थान पर अमेरिका है। हालांकि राहत की बात यह है कि देश में रिकवरी रेट में काफी सुधार हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार तक देश में रिकवरी रेट 64.24 प्रतिशत हो चुका है। 25 मार्च से 28 जुलाई के बीच तुलना करें तो कोरोना पर देश की तस्वीर में काफी ज्यादा सुधार हुआ है।

अनलॉक-2 में रिकवरी रेट में ज्यादा हुआ सुधार

कोरोना के प्रति सतर्कता बरतते हुए 25 मार्च को जब देश में पहली बार लॉकडाउन लगाया गया था, उस समय रिकवरी रेट सिर्फ 7.10 प्रतिशत था। लॉकडाउन 1 से लेकर 4 के बीच तमाम तरह के उपायों की वजह से रिकवरी रेट लगातार बढ़ता चला गया। मगर यह दर 50 फीसदी पार नहीं हुआ। मगर अनलॉक-2 में पहली बार यह रेट 64 फीसदी के पार चला गया। देश में अभी तक 33 हजार से ज्यादा मौत हुई हैं, लेकिन अगर प्रतिशत के हिसाब से देखें तो सिर्फ 2.25 फीसदी ही संक्रमितों की मौत हुई है।

कोरोना वैश्विक महामारी सीजनल नहीं: डब्ल्यूएचओ

डब्ल्यूएचओ ने बताया है कि कोरोना वैश्विक महामारी एक बार में लंबे समय तक चलने वाली है और यह सीजनल नहीं है। डब्ल्यूएचओ ने कहा, लोग अभी सीजन्स के बारे में सोच रहे हैं। हमें अपने दिमाग में यह बिठाने की आवश्यकता है कि यह एक नया वायरस है और यह दूसरी तरह से व्यवहार कर रहा है।

देश : प. बंगाल में 31 अगस्त तक लॉकडाउन

प. बंगाल : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, पश्चिम बंगाल में बकरीद के अवसर पर कोई लॉकडाउन नहीं रहेगा। इसके अलावा ममता ने कहा, हर हते 2 दिनों के लॉकडाउन को 31 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है।

कर्नाटक : कार निर्माता कंपनी टोयोटा इंडिया के कर्नाटक, बिदाड़ी स्थित उत्पादन प्लांट में 5 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले बीती 26 जुलाई को भी कंपनी के प्लांट में 5 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

महाराष्ट्र : मुंबई में मंगलवार को कोरोना के 700 मामले मिले जो पिछले 3 महीनों में सबसे कम दैनिक आंकड़ा है। वहीं कोल्हापुर के क्वारेंटाइन सेंटर में फुटबॉल खेलने वाले 6 मरीजों के खिलाफ केस दर्ज किया गय है।

ओडिशा : सरकार ने कहा कि कोरोना टेस्टिंग के इंतजार में संदिग्धों के शवों का अंतिम संस्कार नहीं रोकें। गंजम जिले में दो दिन पहले पुलिसकर्मी का शव रिपोर्ट के इंतजार में पड़ा रहा था। इसके बाद यह आदेश जारी किए गए।