रामलला मंदिर के पुजारी समेत 14 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव

रामलला मंदिर के पुजारी समेत 14 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव

अयोध्या। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला मंदिर के सहायक पुजारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहायक पुजारी प्रदीप दास को मंदिर आश्रम में क्वारेंटाइन किया गया है। पुजारी के अलावा 14 पुलिसकर्मियों के भी पॉजिटिव होने की खबर है। पुजारी के पॉजिटिव आने के बाद पूरे श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मंदिर के पुजारियों की जांच हुई है, जिसमें मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास समेत लगभग 12 कर्मचारियों की जांच की गई है। बाकी सबकी जांच की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। उन्होंने बताया कि प्रदीप दास आश्रम के अपने कमरे में क्वारेंटाइन किए गए हैं। श्रीरामजन्मभूमि के बाकी के पुजारी मंदिर में पूजा-अर्चना दोनों टाइम कर रहे हैं। मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि पूजा-पाठ में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है। मंदिर का भूमि पूजन कार्यक्रम तय वक्त पर होगा।

भूमि पूजन के चलते नेपाल सीमा पर अलर्ट

बलरामपुर। 5 अगस्त को अयोध्या में प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से लगी नेपाल सीमा पर सतर्कता बढा दी गई है। एसपी वर्मा ने बताया कि सुरक्षा की द्दष्टि से ऐसे 11 प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं, जो नेपाल बार्डर से मिलते हैं। इनमें कच्चे रास्ते और पगडंडिया शामिल हैं।

3 अगस्त से शुरू होगा भूमि पूजन कार्यक्रम

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि राम जन्मभूमि परिसर में पंडितों की टीम 3 अगस्त से अनुष्ठान और पूजन के कार्यक्रम शुरू कर देगी। 3 अगस्त को गणेश पूजा के साथ उत्सव शुरू होगा। 4 अगस्त को रामार्चा होगा और 5 को सुबह 8 बजे से गर्भगृह पर पूजन शुरू होगा। इसे काशी के 11 पंडित कराएंगे।

अमेरिका के टाइम्स स्क्वायर पर श्रीराम

न्यूयार्क। अयोध्या में 5 अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर टाइम्स स्क्वायर में विशाल बिलबोर्ड पर भगवान राम और भव्य राम मंदिर के त्रिआयामी चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस ऐतिहासिक क्षण को संजोने वाला यह अपनी तरह का अनोखा आयोजन होगा।