अहिल्याबाई का ग्वालियर में बनेगा स्मारक : सीएम

अहिल्याबाई का ग्वालियर में बनेगा स्मारक : सीएम

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सब लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के वंशज हैं। ग्वालियर में अहिल्याबाई होल्कर का भव्य स्मारक बनाया जायेगा। चौहान ग्वालियर के ग्रामीण क्षेत्र बेहटा में शनिवार को पाल, बघेल और धनगर समाज के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बेहटा में बन रहे बस स्टैंड का नाम अहिल्याबाई होल्कर रखा जाएगा। उनके जन्म-दिवस पर ऐच्छिक अवकाश रहेगा। समाज के कल्याण के लिए एक बोर्ड गठित किया जाएगा, जिसके अध्यक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा होगा।

उनका बलिदान नहीं भुला सकते : तोमर

केंद्रीय कृषि नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारे देश में त्याग, तपस्या, बलिदान, न्याय और कर्म की पूजा होती है। देश देवी अहिल्याबाई होल्कर के न्याय और बलिदान को कभी भुला नहीं पाएगा। ग्वालियर में बेहटा तिराहे पर मां अहिल्याबाई की प्रतिमा स्थापित हो जाने से यह तिराहा अब अहिल्या तीर्थ बन गया है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ मंदिर के विकास का भी अनुकरणीय कार्य किया है।

विश्व को मानव-कल्याण का संदेश दिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पाल एवं बघेल समाज के त्याग को देश की 140 करोड़ जनता कभी भूल नहीं पाएगी। उन्होंने पूरे विश्व को मानव-कल्याण का संदेश दिया। माता अहिल्याबाई ने रणभूमि में नेतृत्व करते हुए अत्याचारियों के विरूद्ध लड़ाई लड़ी।