महाकाललोक से 5जी का श्रीगणेश जनवरी से इंदौर में भी हाईस्पीड सेवा

महाकाललोक से 5जी का श्रीगणेश जनवरी से इंदौर में भी हाईस्पीड सेवा

भोपाल/उज्जैन।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को श्री महाकाल महालोक के पास त्रिवेणी संग्रहालय में 5जी इंटरनेट सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही महाकाल मंदिर के पास श्री महाकाल महालोक 5जी हो गया। यहां श्रद्धालुओं को वाईफाई के जरिए 1 जीबी 5जी डाटा फ्री दिया जाएगा। इसमें उन्हें 1 हजार एमबीपीएस की स्पीड मिलेगी। प्रदेश में 5जी इंटरनेट की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महाकालेश्वर मंदिर और श्री महाकाललोक धार्मिक महत्व के स्थल हैं। लाखों भक्त भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आते हैं। मप्र के लिए ये लॉन्च एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो जियो की ट्रू 5जी सेवाओं से अत्यधिक लाभान्वित होंगे।’ सीएम ने कहा कि ‘30 दिन से भी कम समय में इंदौर में भी 5जी इंटरनेट सर्विस मिलेगी।’ उम्मीद की जा रही है कि प्रवासी भारतीय सम्मलेन (8 जनवरी) के मौके पर इंदौर में 5जी सेवा का शुभारंभ किया जा सकता है। 

5जी से अपराध रोकने में मदद, खनिज संपदा खोजने और लॉजिस्टिक क्षेत्र में आएगी नई क्रांति

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि आज मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास के लिए ऐतिहासिक दिन है। 5जी केवल मोबाइल सेवा नहीं, बल्कि नई क्रांति है। हमारी सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम में भी 5जी टेक्नालॉजी आने से मदद मिलेगी। यही नहीं खनिज संपदा की खोज और लॉजिस्टिक क्षेत्र में भी नई क्रांति होगी। शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में क्रांति आएगी। स्मार्ट क्लासों के जरिए अब सुदूर बैठ कर भी बच्चों को अच्छे शिक्षकों की आॅनलाइन क्लास उपलब्ध होगी। आईटी सेक्टर में क्रांति का सूत्रपात होगा। उन्होंने कहा कि अभी हम डीबीटी के माध्यम हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि भेज रहे हैं, अब एक कदम आगे जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिल के लिए ई-वाउचर उपलब्ध कराने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे किसान अब तकनीक को अपना रहे हैं। कृषि और चिकित्सा क्षेत्र में भी इस तकनीक का लाभ मिलेगा। 

हार्ट के वर्किंग सिस्टम को लाइव देख सकेंगे

शुभारंभ कार्यक्रम में रिलायंस के सीईओ अमिताभ भाटिया एवं अन्य द्वारा मुख्यमंत्री को रिलायंस ग्लास का लाइव डेमो किया गया। इसके द्वारा मनुष्य के हृदय की कार्य-प्रणाली को लाइव देखा जा सकता है। लाइव डेमो के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह टेक्नालॉजी डॉक्टर्स के लिए बहुत उपयोगी होगी। हार्ट ब्लॉकेज आदि की पहचान तुरंत की जा सकेगी।

इसके बाद राजधानी भोपाल की बारी 

प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में 5जी सर्विस शुरू होने के बाद जियो का अगला लक्ष्य राजधानी भोपाल में इस सेवा का उपलब्ध कराना होगा। मप्र सरकार में तकनीक के उपयोग को देखते हुए कंपनी राजधानी में इस सेवा को जल्दी से जल्दी उपलब्ध कराने की कोशिश रहेगी। जियो के प्रवक्ता ने कहा कि ‘एमपी सरकार के डिजिटलीकरण और इसे आगे बढ़ाने में अपना समर्थन देने के लिए मप्र सरकार के आभारी हैं।’