15 घंटे पैदल चलकर ITBP ने बचाई महिला की जान

15 घंटे पैदल चलकर ITBP ने बचाई महिला की जान

पिथौरागढ़। उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण स्थिति असामान्य हो गई है। बाढ़ और भूस्खलन से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खास कर किसी की तबीयत खराब हो जाने की स्थिति में उसके इलाज के लिए अस्पताल तक जाने में तमाम तरह की दिक्कतें आ रही हैं। दूरदराज के गांवों में स्थिति ज्यादा खराब है। इसी बीच एक वीडियो जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कठिन रास्तों को पार करते हुए आईटीबीपी के जवान एक घायल महिला को इलाज के लिए ले जा रहे हैं। यह वीडियो उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक दूरदराज गांव लापसा का है। यहां एक महिला घायल हो गई थी, जिसके इलाज के लिए आईटीबीपी के जवानों ने मुनस्यारी तक का सफर पैदल चलकर पूरा किया। रास्ते में पहाड़, उफनाई नदी और नाले के अलावा भूस्खलन वाले क्षेत्र भी पड़े। आईटीबीपी जवानों की टीम ने महिला को स्ट्रेचर पर लेकर 40 किलो मीटर का सफर 15 घंटे में पैदल चलकर पूरा किया। कठिनाइयों को पार करते हुए जवान महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे।

हरिओम शर्मा बोले- बारिश बन रही समस्या का कारण

उत्तराखंड में हो रही बारिश से सड़कों को खोलने में खासी दिक्कतें आ रही हैं। राज्य भर में 210 सड़कें अभी भी बंद चल रही हैं। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता हरिओम शर्मा ने बताया कि राज्य में लोनिवि की 104 जिबकि पीएमजीएसवाई की 106 सड़कें बंद चल रही हैं और इन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में चार राष्ट्रीय राजमार्ग, सात राज्य मार्ग जबकि आठ जिला मार्ग बंद चल रहे हैं। सड़कों को खोलने के लिए 305 जेसीबी और पोकलैंड मशीनों को लगाया गया है।