कायाकल्प अभियान में निकायों की सड़कें होंगी चकाचक

कायाकल्प अभियान में निकायों की सड़कें होंगी चकाचक

भोपाल। प्रदेश के सभी नगरीय निकाय की सड़कों का कायाकल्प होगा। इन सड़कों को 750 करोड़ रुपए से चकाचक किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार से प्रदेश के 413 नगरीय निकायों की सड़कों के लिए कायाकल्प अभियान में 350 करोड़ रुपए की प्रथम किस्त सिंगल क्लिक से नगरीय निकायों को ट्रांसफर भी कर दी है। कार्यक्रम से प्रदेश के 413 नगरीय निकाय वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री ने इंदौर, मंदसौर, जौरा, रामपुर नेकिन और धनपुरी निकायों के पदाधिकारियों से संवाद किया।

न बनने दें अवैध कॉलोनियां, समय पर हो क्रियान्वयन

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नगरीय निकायों का यह दायित्व है कि वे पुरानी कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया का समय-सीमा में क्रियान्वयन समय पर हो और अपने क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों न बसने दें। राज्य शासन ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का निर्णय लिया है।

जनसंख्या के मान से राशि आवंटित

कायाकल्प अभियान में नगरीय निकायों की सड़कों के उन्नयन के लिए जनसंख्या की श्रेणी के आधार पर राशि आवंटित की गई। दस लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगरों के लिए 25 करोड़, दो लाख से 10 लाख तक की जनसंख्या वाले नगरों को 7 करोड़, एक से 2 लाख तक की जनसंख्या पर 3 करोड़, 50 हजार से एक लाख तक की जनसंख्या पर 2.50 करोड़, 30 से 50 हजार तक 1.60 करोड़, 20 से 30 हजार तक एक करोड़ और 20 हजार से कम नगरों को 50 लाख अंतरित किए गए।