वकील ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया नोटिस

वकील ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया नोटिस

ग्वालियर। उच्च न्यायालय ग्वालियर के अधिवक्ता अवधेश तोमर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया कि आपने भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) बनाया है, जिस के लोगो पर अशोक चक्र बनाया गया है, जिसे कांग्रेस ने ट्विटर पर शेयर किया है। यह सीधे तौर पर अधिनियम 1950 का उल्लंघन है, क्योंकि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज या आधिकारिक मुहर या प्रतीक का उपयोग भारत सरकार के उपक्रमों द्वारा किया जा सकता है। कोई संगठन अशोक चक्र का उपयोग नहीं कर सकता है। इसे लेकर तीन दिन में माफी मांगी जाए और इंडिया शब्द से अशोक चक्र को हटाया जाए। ऐसा नहीं किए जाने पर न्यायालय में परिवाद दायर किया जाएगा।

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले को उम्रकैद

एकादशम अपर सत्र न्यायाधीश व विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मनोज गुर्जर पुत्र लायकराम गुर्जर उम्र 35 वर्ष और भरत गुर्जर पुत्र लायकराम गुर्जर उम्र 21 वर्ष निवासी फूलपुरा थाना महाराजपुरा को धारा-376डी, 304 भादंसं सहपठित धारा- 3(2)(पांच) अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम 1989 के अधीन आजीवन कारावास की सजा सुनाई है, साथ ही 10-10 हजार रुपए अर्थदण्ड लगाया है।