राहुल गांधी की सदस्यता समाप्ति के विरोध में कांग्रेसी सड़क पर आए

राहुल गांधी की सदस्यता समाप्ति के विरोध में कांग्रेसी सड़क पर आए

ग्वालियर। कांग्रेस शीर्षस्थ नेता एवं सांसद राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा उबाल पर आ गया। शहरी क्षेत्र की तीनों विधानसभाओं में केन्द्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किए गए। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे। अहम बात है कि जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा के पास पीसीसी या एआईसीसी से कोई निर्देश नहीं आया।

पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा हजीरा, फूलबाग और महाराज बाड़ा पर प्रदर्शन किए और कहा कि मौजूदा दौर भारतीय लोकतंत्र खतरे में आ गया है। आमजन को जगाने के लिए ही यह पैदल मार्च निकाला गया। सुनील ने कहा कि जब कांग्रेस के लोग अंग्रेजों से नहीं डरे तो अब इनसे क्या डरेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेगा और दिल्ली सरकार द्वारा की जा रही लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देगा उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर भाई लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति तक दे देगा और कांग्रेस जब तक की अन्याय बंद नहीं हो जाता आपको सड़कों पर संघर्ष करती हुई दिखाई देगी । फूलबाग पर युवक कांग्रेस और महाराज बाड़ा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने पुतले जलाए। पैदल मार्च में मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र भदौरिया नवीन भदकारिया, पार्षद पी पी शर्मा, संभागीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा प्रमुख थे।

ग्रामीण क्षेत्र में भी पुतला फूंका: ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के नेता केदार कंसाना ने भी राहुल गांधी की लोस से सदस्यता समाप्त करने के विरोध में ऐसा किया है।

युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलबाग पर फूंका पुतला

राहुल की लोस सदस्यता समाप्त करने के विरोध में युवक कांग्रेस ने फूलबाग पर पुतला फूंका। पुतला छीनने पुलिस से झूमाझटकी भी हुई। आखिरकार युवक कांग्रेस पुतला जलाने में सफल रही।