किलागेट पर दिल्ली के पालिका बाजार की तर्ज पर बनेगा मार्केट : ऊर्जा मंत्री

किलागेट पर दिल्ली के पालिका बाजार की तर्ज पर बनेगा मार्केट : ऊर्जा मंत्री

ग्वालियर। किलागेट चौराहे को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। किलागेट पर स्थापित थाने की भूमि पर दिल्ली के पालिका बाजार की तर्ज पर मार्केट विकसित की जायेगी। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को किलागेट विकास के संबंध में जिला कलेक्टर अक्षय कुमारसिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सहित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर के ऐतिहासिक किले को देखने के लिये आने वाले पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए किलागेट चौराहे का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही किलागेट के अंदर आकर्षक पार्क विकसित किया जाए। इसके साथ ही किले के ऊपर तक जाने वाले मार्ग का निर्माण भी शीघ्रता से हो, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में तय किया गया कि किलागेट पर स्थापित पुलिस थाने के लिये जमीन सेवानगर में आवंटित की जा चुकी है। नए थाने का निर्माण तत्परता से प्रारंभ किया जाए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कलेक्टर से कहा कि किलागेट पर स्थित थाने की भूमि पर दिल्ली के पालिका बाजार की तर्ज पर मार्केट तैयार करने का प्रस्ताव तैयार करें और उसे अमलीजामा पहनाएं। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए किलागेट के यातायात को वन-वे करने की व्यवस्था भी की जाए। फूलबाग से किलागेट तक निर्मित की गई सड़क के दौरान जिन लोगों के मकान पूर्णत: टूट गए हैं उनके विस्थापन की व्यवस्था भी की जाए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि किलागेट के दौरान किलागेट तक निर्मित की गई नई सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए। इसके साथ ही किलागेट चौराहे पर ही लाइटिंग को और आकर्षक किया जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर अक्षय कुमारसिंह ने कहा कि बैठक में तय किए गए बिन्दुओ पर तत्परता से कार्य किया जायेगा। यातायात प्रबंधन का कार्य पुलिस विभाग के माध्यम से किया जायेगा। इसके साथ ही नए मार्केट का निर्माण एवं किले के ऊपर तक पहुंचमार्ग को व्यवस्थित करने का काम भी विभागीय अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कहा कि सेवानगर में नए पुलिस थाने के लिए जमीन आवंटित हो चुकी है। नए थाने का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा। इसके साथ ही पुराने थाने की भूमि पर मार्केट निर्माण का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन के माध्यम से तैयार कराया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने बैठक में बताया कि नगर निगम के माध्यम से साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट एवं अन्य जो भी कार्य निर्धारित किए गए हैं उनको तत्परता से कराया जाएगा।

अधिकारियों ने गूजरी महल म्यूजियम का किया अवलोकन

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने किलागेट चौराहे के विकास के लिए आयोजित बैठक के पश्चात गूजरी महल स्थित म्यूजियम का भी अवलोकन किया। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं निगम आयुक्त किशोर कान्याल मौजूद थे। गूजरी महल स्थित म्यूजियम में रखी गई विश्व प्रसिद्ध शाल भंजिका को देखा। इसके साथ ही म्यूजियम में ग्वालियर संगीत के संबंध में विकसित की गई गैलरी का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने म्यूजियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।