सिस्टम सक्रिय होने के बाद भी नहीं हो रही वर्षा

सिस्टम सक्रिय होने के बाद भी नहीं हो रही वर्षा

ग्वालियर।बंगाल की खाड़ी और राजस्थान में सिस्टम सक्रिय होने के बाद भी अंचल में मानसून सक्रिय नहीं हो पा रहा है। सावन का महीना भारी बारिश के लिए जाना जाता है, लेकिन महीना समाप्त होने को है, लेकिन अभी तक वर्षा की झड़ी नहीं लग सकी। मौसम विभाग के अनुमान भी फेल हो रहे हैं। वर्षा नहीं होने से आमजन के साथ किसानों की चिंता बढ़ रही है। बुधवार को दिन भर बादलों का डेरा होने के बाद भी महज रिमझिम ही हो सकी। इनसे सड़कें भी गीली नहीं हो सकीं। इस दौरान 1.1 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अरब सागर से हवा में नमी आने और दो सिस्टम सक्रिय होने के साथ अंचल से टर्फ लाइन गुजरने के बाद भी वर्षा नहीं होने से मौसम वैज्ञानिक भी चकित हैं। मौसम विभाग ने फिर संभावना व्यक्त की है कि अगले दो-तीन दिन अंचल में रुक-रुककर या जोरदार बारिश हो सकती है। बुधवार को बादल छाए रहने और रिमझिम वर्षा से दिन का तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस नीचे आकर 30.5 रह गया। यह सामान्य से 2 डिसे कम रहा। न्यूनतम तापमान भी 1.7 डिसे नीचे आकर 26.3 डिसे दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिसे अधिक था।