संत रविदास ने समाज के सभी वर्गों की तरक्की के लिए किया था प्रयास : नाथ

संत रविदास ने समाज के सभी वर्गों की तरक्की के लिए किया था प्रयास : नाथ

ग्वालियर। संत रविदास महाराज ने समाज के सभी वर्गों की तरक्की के लिए प्रयास किया था। उनके बताए मार्ग पर कांग्रेस चलने का प्रयास कर रही है। संत रविदास ने हमें यह संदेश दिया कोई व्यक्ति किसी जाति में जन्म के कारण छोटा नहीं होता है, बल्कि उसके कर्म उसे छोटा बनाते हैं। ऐसा कोई देश नहीं है। जहां इतनी जातियां हों, जहां इतने युवा हों जहां इतने देवी-देवता हों और इसके बाद भी सभी मिल-जुल कर रहते हैं। हमारे देश में संस्कृति की नींव संतों द्वारा रखी गई है। आज अगर हमारा देश एक झण्डे के नीचे खड़ा है और देश की संस्कृति जोड़ने के संस्कार भी हमें संतों द्वारा ही दिए गए हैं। उक्त बात रविवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने थाटीपुर स्थित दशहरा मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा संत रविदास की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कही। कमलनाथ ने कहा कि आज हम सब यह प्रण लेते हैं कि अपने देश की संस्कृति को जीवित रखेंगे और बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान को आदर्श बनायेंगे। श्री नाथ ने कहा कि आज देश, प्रदेश एवं संस्कृति संकट में है, जिसका मुख्य कारण भाजपा के द्वारा फैलाया जा रहा अंधविश्वास है। आज हम सभी को यह तय करना है कि अपनी आने वाली पीढ़ियों को हम कैसा देश व प्रदेश देना चाहते हैं, आज हमारे देश की संस्कृति खतरे में है और पंजाब में तो खालिस्तान के नारे लग रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें गर्व है कि हम उस धरती पर पैदा हुये जिस धरती पर संत और महात्मा जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि करीब 600 वर्ष पहले गरीब और दलितों को शिक्षा का अधिकार नहीं था, संत रविदास जी ने अपनी वाणी से गरीब और दलितों को शिक्षा का अधिकार दिलवाया। संत रविदास महाराज ने यह संदेश दिया कि हर धर्म का रास्ता एक ही है।पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि संत रविदास जी ने पिछड़ों दलितों को मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया है। आज हम यह संकल्प लेते हंैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पिछड़े, दलितों और नौजवानों की सरकार बनाएंगे। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, विधायक बैजनाथ कुशवाह, विधायक सुरेश राजे, पूर्व विधायक कमलापत आर्य आदि ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में संत शिरोमणि रविदास महाराज के अनुयायियों एवं सभी धर्मों के संतों और गुरूओं का शॉल-श्रीफल भेंट एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। महापौर शोभा सिकरवार ने समारोह मेेंं पधारे सभी अतिथियों का आभार प्रदर्शन किया।

सामाजिक संगठन मिले कमलनाथ से, रखी अपनी बात

अंचलभर के सामाजिक संगठनों ने कमलनाथ के साथ मुलाकात की और अपनी बात रखी। ब्राह्मण महासभा, मुस्लिम, साहू, नाई, क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुस्लिम समाज ने वर्ष 1990 के बाद से मुस्लिम व्यक्ति को टिकट न दिए जाने का दर्द व्यक्त किया तो कई अन्य ने अपने समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात रखी।

इनके घर पहुंचे कमलनाथ: श्री नाथ ग्वालियर प्रवास के दौरान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, फूलसिंह बरैया, देवाशीष जरारिया, राकेश यादव के घर पहुंचे और विवाह के लिए बेटियों और बेटों को शुभकामनाएं दीं।