भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश सिकरवार ने कांग्रेस का दामन थामा

भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश सिकरवार ने कांग्रेस का दामन थामा

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में ग्वालियर के वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश सिकरवार दो पार्षद और 150 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्हें कमलनाथ ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस में आने पर सतीश सिकरवार ने कहा कि वह भाजपा में रहकर सामंतवादी ताकतों के खिलाफ लड़ते रहे थे। अब ये लड़ाई कांग्रेस के साथ जारी रहेगी। ये लड़ाई सिंधिया के खिलाफ है और हम लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में कांग्रेस का दबदबा बढ़ रहा है और इस बार पिछले चुनाव से ज्यादा सीटें जीतकर आएंगे।

गौरतलब है कि सतीश सिकरवार ने ग्वालियर पूर्व सीट से 2018 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह कांग्रेस के मुन्नालाल गोयल से हार गए थे। गोयल अब भाजपा के साथ हैं। 
कमलनाथ ने कहा कि अब कांग्रेस में महलों का दखल खत्म हो गया है। अब कांग्रेस में कोई महल नहीं है। आप सभी लोग आज कमलनाथ के घर में आए हैं। आज आप कांग्रेस पार्टी के परिवार से जुड़ गए हैं। हमारा देश देवी-देवताओं, विभिन्न संस्कृतियों का देश है। यहां जोड़ने की बात होती है, तोड़ने की नहीं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में रोज शामिल हो रहे हैं। आज जनता तो छोड़िए भाजपा के कार्यकर्ता ही उनसे दुखी हैं। हमारी सर्वे रिपोर्ट बहुत अच्छी है, हमें कोई चिंता नहीं है, सभी सभी सीटें जीतेंगे। कमलनाथ ने आगे कहा कि विश्वास है कि प्रदेश की जनता भले कमलनाथ का साथ न दे, कांग्रेस का साथ न दे, लेकिन सच्चाई का साथ जरूर देगी।