यूपी को जाति के नाम पर बदनाम करते थे कुछ पॉलिटिकल ज्ञानी: मोदी

यूपी को जाति के नाम पर बदनाम करते थे कुछ पॉलिटिकल ज्ञानी: मोदी

नई दिल्ली। यूपी और उत्तराखंड समेत 4 राज्यों में भाजपा की बड़ी जीत को पीएम नरेंद्र मोदी ने 2024 के आम चुनावों के लिए बड़ा संकेत बताया है। इन नतीजों को लेकर मोदी ने कहा कि इससे साफ हुआ है कि जनता गुड गवर्नेंस, जातिवाद की बजाय विकासवाद की राजनीति चाहती है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने राजनीतिक जानकारों पर भी गहरा तंज कसते हुए कहा, आज मैं यह कहूंगा कि 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ राजनीतिक ज्ञानियों ने कहा था कि इसमें क्या है, यह तो 2017 में ही तय हो गई थी, जब भाजपा यूपी का चुनाव जीती थी। मैं मानता हूं कि इस बार भी ये ज्ञानी जरूर कहेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के परिणाम तय कर दिए हैं।

यूपी में पहली बार 5 साल बाद लौटा कोई मुख्यमंत्री

मोदी ने कहा, यूपी ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है। मोदी ने कहा कि यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में रहने के बाद भी भाजपा के वोट शेयर में बढ़ोतरी हुई है। गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत निकल गए और वहां की जनता ने तीसरी बार हमें चुना है।

जनादेश स्वीकार, देश हित में काम करती रहेगी कांग्रेस

हम जनादेश को स्वीकारते हैं। जो लोग जीते हैं उन्हें शुभकामनाएं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई। हम इससे सबक लेंगे और भारत के लोगों के हित में काम करते रहेंगे। राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष, कांग्रेस

यूपी में 4 बार नरेंद्र मोदी को प्रदेश की जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है। 2014 लोकसभा में जीत हासिल हुई थी, 2017 में यूपी में भाजपा जीती। 2019 में जनता ने लोकसभा में आशीर्वाद दिया था। 2022 में चौथी बार भाजपा को आशीर्वाद मिला। जेपी नड्डा, अध्यक्ष, भाजपा

चुनाव से भाजपा विरोधी दलों को मायूस नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें आकलन करना चाहिए कि उनसे कमी कहां रह गई है और उसके मुताबिक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। मैं नहीं मानता कि ईवीएम में कुछ गड़बड़ी हुई है। शरद पवार, प्रमुख, राकांपा5

जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है। पंजाब का जनादेश नम्रतापूर्वक स्वीकार। आप को बधाई। पार्टी की हार पर मंथन जरूर किया जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू, कांग्रेस अध्यक्ष, पंजाब

कांग्रेस में यकीन करने वाले लोग नतीजों से आहत हैं। अब समय आ गया है संगठन के नेतृत्व में इस तरह से बदलाव किया जाए, जो इन विचारों की लौ फिर से जला सके, यदि हमें सफल होना है तो बदलाव अपरिहार्य है। शशि थरूर, लोस सदस्य, कांग्रेस

यह स्पष्ट है कि देश के सबसे बड़े सूबे यूपी में एक नया इतिहास रचा जा रहा है। यह पहली बार होगा जब पांच साल तक पूर्ण बहुमत की सरकार का नेतृत्व करने के बाद कोई मुख्यमंत्री फिर से बहुमत से सत्ता में लौटेगा। सुधांशु त्रिवेदी, भाजपा प्रवक्ता

कांग्रेस चुनाव में चित, सोशल मीडिया पर हिट

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। इन राज्यों के चुनावी मैदान में भले ही वह चारों खाने चित हो गई है, लेकिन इंटरनेट मीडिया में वह हिट है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं राहुल गांधी व नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर यूजर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं और जमकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं।

ब्रेक लेने का सही समय

फिल्म निर्माता मनीष मुंद्रा ने ट्वीट किया, 'संदेश स्पष्ट और जोरदार है, कांग्रेस के पास गांधी परिवार को छोड़ने और नए सिरे से शुरू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। एक यूजर ने ट्वीट किया है, राहुल गांधी के लिए ब्रेक लेने का यह सही समय है। अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट भी शुरू हो रही हैं।

अर्चना पूरन सिंह अलर्ट हो जाएं

एक यूजर ने ट्वीट में कहा ब्रेकिंग न्यूज, पंजाब एक्जिट पोल के नतीजे देखने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कपिल शर्मा को फोन किया है। अर्चना पूरन सिंह को सतर्क हो जाना चाहिए। लेखक अर्णब राय ने कहा है, अच्छे बैट्समैन को रन आउट कराने के बाद सिद्धू खुद भी आउट हो गए हैं।

बुलडोजर सीएम चाहता है देश

एक यूजर ने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो साझा करते लिखा, बधाई हो, बधाई हो। यह देश सिर्फ चौकीदार पीएम और बुलडोजर सीएम चाहता है। वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद कई समर्थक सोशल मीडिया पर बुलडोजर के साथ फोटो साझा करते दिखे।

यात्री राहुल गांधी ध्यान दें

स्तंभकार व लेखक आनंद रंगनाथन ने ट्वीट किया है, यात्री राहुल गांधी ध्यान दें। थाई एयरवेज की दिल्ली से बैंकाक की उड़ान टीजी 316 अब प्रस्थान के लिए तैयार है। आपसे अनुरोध है कि सुरक्षा जांच करा लें और ग्राउंड स्टाफ से तुरंत संपर्क करें। यह आखिरी और अंतिम काल है।

कुमार ने लाभ पहुंचाया

एक ट्विटर हैंडल से लिखा गया है कि कुमार विश्वास के आरोपों का केजरीवाल को फायदा हुआ।इस ट्वीट में लिखा गया है, अप्रचलित बयान: कुमार विश्वास का बयान केजरीवाल को फायदा पहुंचाने के लिए था। उनके बयान ने केजरीवाल को विक्टिम कार्ड खेलने का मौका दिया।

मुनव्वर राणा कब छोड़ेंगे देश

कमाल राशिद खान यानी केआरके और शायर मुनव्वर राणा ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी की जीत होने पर देश छोड़ने की बात की थी। अब सोशल मीडिया यूजर्स पूछ रहे हैं कि ये दोनों देश कब छोड़ेंगे। हालांकि अब केआरके ने ट्वीट में लिखा है, योगी आदित्यनाथ जी, नरेन्द्र मोदी जी और अमित शाह जी को एक बार फिर यूपी में जीत के लिए बधाई।