शबरी राम के मंदिर में क्यों नहीं जा सकती : कवि सुरेन्द्र शर्मा

शबरी राम के मंदिर में क्यों नहीं जा सकती : कवि सुरेन्द्र शर्मा

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर हमारे अटल प्यारे अटल कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें कवि व पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा को अटल कवि सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर सुरेन्द्र शर्मा ने काव्य पाठ के प्रारंभ में कहा राम तो शबरी के झूठे बेर खा सकते हैं, पर शबरी राम के मंदिर में क्यों नहीं जा सकती। रविवार की शाम जेयू के अटल सभागार में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा अटल जी संवेदनशील राजनेता, वक्ता, कवि व कुशल प्रशासक रहे हैं।

महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि स्व. अटल जी विराट व्यक्तित्व वाले राजनेता एवं कवि थे, ग्वालियर के कण-कण में अटल जी बसते हैं। आज उनका स्मरण करते हुए आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा को सम्मानित करना हम सबके लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में सभापति मनोज सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।

शाम 6.30 बजे की जगह 8 बजे शुरू हुआ कवि सम्मेलन

नगर निगम द्वारा कवि सम्मेलन का समय शाम 6.30 बजे था, कवि सहित सांसद शेजवलकर पहुंच गए, लेकिन गिनती के लोगों की मौजूदगी देख कवि सम्मेलन रात 8 बजे शुरू हुआ। साथ ही कवि अनिल चौबे, डॉ. सरिता शर्मा, ताहिर फराज, मनु वैशाली, सुदीप भोला ने कविता पाठ किया।