मुख्य सड़कों, कॉलोनियों और गलियों को बेरीकेड लगाकर किया बंद

मुख्य सड़कों, कॉलोनियों और गलियों को बेरीकेड लगाकर किया बंद

भोपाल। भोपाल में लॉकडाउन के तीन दिन बचे हैं। इन तीन दिनों में दो त्योहार ईद- उल- अजहा और रक्षाबंधन हैं। शनिवार को ईद मनाई जाएगी। वहीं 3 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। दोनों त्योहारों पर होने वाली चलह-पहल को रोकने के लिए शहर की मुख्य सड़कों, कॉलोनियों, बाजारों और जहां कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, उन क्षेत्र की गलियों को बेरीकेडस लगाकर बंद कर दिया गया है। यहां के लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी जा रही है। सबसे ज्यादा बेरीकेडिंग बैरसिया रोड क्षेत्र में डीआईजी बंगला, नारियलखेड़ा, शाहजहांनाबाद क्षेत्र की सड़कों पर की गई है। यहां की कुछ कॉलोनियों के मुख्य मार्ग तक बंद कर दिए गए हैं। आने-जाने वालों को यहां रोका जा रहा है।

जरूरी सेवाएं हो रहीं प्रभावित : मुख्य मार्गों पर बेरिकेडिंग से जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग भी परेशान हैं। शुक्रवार को घरों में रसोई गैस पहुंचाने वाले परेशान होते रहे। नगर निगम की कचरा गाड़ियों को घूमकर जाना पड़ा।

नए और पुराने शहर के कई क्षेत्रों को बेरीकेड्स से किया बंद

शंकराचार्य नगर स्टेशन एरिया, बरखेड़ी, ऐशबाग, करोंद की कुछ कॉलोनियां, अशोका गार्डन की करीब पांच कॉलोनियां, चौक बाजार का 50 प्रतिशत क्षेत्र, जिंसी जहांगीराबाद का 60 प्रतिशत क्षेत्र सहित अन्य छोटी बड़ी कालोनियां। इसके अतिरिक्त रचना नगर अंडर ब्रिज, सुभाष नगर अंडर ब्रिज, हबीबगंज अंडर ब्रिज सहित अन्य ऐसे रास्तों को भी बंद किया गया है, जहां से दो पहिया वाहन निकलते थे।