हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर की अपमानजनक टिप्पणी : भाजपा

उदयभान ने यमुनानगर में मीडिया से चर्चा के दौरान दिया विवादित बयान

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर की अपमानजनक टिप्पणी : भाजपा

चंडीगढ़। भाजपा ने हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कहा कि भान ने प्रधानमंत्री के लिए ओछे और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया है। इसका जवाब देश देगा। उदयभान ने यमुनानगर में मीडिया से चर्चा करते हुए देश के प्रधानमंत्री मोदी और हरियाणा के सीएम के खिलाफ विवादित टिप्पणी की। उदयभान ने कहा भाजपा घोटालेबाजों और भ्रष्टाचारियों की सरकार है। हरियाणा कर्ज में फंस चुका है और सरकार की तरफ से पूछने वाला कोई नहीं है। मुख्यमंत्री आराम की नींद सो रहे हैं, उन्हें जनता से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पीएम और सीएम का नाम लिए बिना अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल कर डाला। हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा परिवारवाद की मानसिकता के गुलाम लोग नहीं समझ पाएंगे कि देश के 140 करोड़ लोगों को पीएम और हरियाणा के पौने तीन करोड़ लोगों को मैं परिवार मानता हूं।

जमीयत ने की बिधूड़ी पर कड़ी कार्रवाई की मांग

जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने कहा लोक सभा अध्यक्ष को बिधूड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। जमीयत प्रमुख मौलाना अरशद मदनी ने कहा नफरत अब लोकतंत्र के मंदिर तक पहुंच चुकी है। संसद में भाजपा सांसद द्वारा जिस प्रकार से मुस्लिम सांसद के लिए असंसदीय भाषा का उपयोग हुआ, वह देश के लोकतांत्रिक इतिहास में इस तरह की पहली शर्मनाक घटना है।