आज से फाल्गुन माह के पर्वों का आगाज विनायक चतुर्थी से पर्व की शुरूआत

आज से फाल्गुन माह के पर्वों का आगाज विनायक चतुर्थी से पर्व की शुरूआत

जबलपुर। ऋतु परिवर्तन के पर्व फाल्गुन माह को विशेष पर्वों से आगाज हो गया है। इस हफ्ते भगवान गणेश, शिवजी और सूर्य पूजा के लिए खास दिन रहेंगे। फाल्गुन महीने के शुक्ल पक्ष में चतुर्थी तिथि पर गणेश जी की पूजा एवं पंचमी पर शिवजी के नागेश्वर रूप की पूजा करने का महत्व बताया गया है। फाल्गुन शुक्ल पक्ष की सप्तमी को सूर्य देव की पूजा विष्णु रूप में की जाती है। इसके अगले दिन यानी अष्टमी से होलाष्टक शुरू हो जाता है। जो होलिका दहन तक रहता है। इन दिनों किसी भी तरह का शुभ काम नहीं किया जाता है।

विनायक चतुथी- 23 फरवरी गुरुवार को फाल्गुन महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि है। पुराणों के मुताबिक इस दिन व्रत रखने और गणेशजी की उपासना करने से सुख-समृद्धि, आर्थिक संपन्नता, ज्ञान और बुद्धि मिलती है। भगवान गणेश की पूजा से कार्य सिद्ध होते हैं और मनोकामना पूरी होती हैं। विनायक चतुर्थी के बारे में मान्यता है कि इस व्रत से जीवन में आ रही रुकावटें दूर होती हैं। नागेश्वर पंचमी फाल्गुन महीने की इस पंचमी पर 24 फरवरी को शिवजी के नागेश्वर रूप की पूजा करने का विधान ग्रंथों में बताया गया है। महाशिवरात्रि पर्व के पांच दिन बाद इस तिथि को शिव पूजा का विशेष दिन माना जाता है। इस दिन नागेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने से हर तरह की परेशानियां दूर होती हैं। द्वारकाधीश श्रीकृष्ण भी शिव का रुद्राभिषेक करते थे। श्रद्धालु यहां चांदी के नाग-नागिन चढ़ाते हैं। मान्यता है कि यहां शिव पूजन से मन और शरीर जहर मुक्त होता है।

भगवान सूर्य की उपासना रविवार को

सूर्य सप्तमी फाल्गुन महीने में विष्णु नाम से भगवान सूर्य की पूजा रविवार करनी चाहिए। इस महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि अगर रविवार को पड़े तो ये विशेष शुभ संयोग होता है। जिसे भानु सप्तमी कहा जाता है। इस संयोग में उगते हुए सूरज को 12 नामों से प्रणाम करना चाहिए। इसके बाद अर्घ्य देना चाहिए। दिनभर व्रत रखें। इस दिन पानी में लाल चंदन, लाल फूल, अक्षत और गंगाजल मिलाकर सूर्य को तांबे के लोटे से अर्घ्य दें। ऐसा करने से बीमारियां दूर होती हैं और उम्र बढ़ती है।