इतिहास पर दोष लगाने से अपने गुनाह कम नहीं होते

इतिहास पर दोष लगाने से अपने गुनाह कम नहीं होते

चंडीगढ़। देश के 5 राज्यों में हो रहे चुनाव के बीच पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह ने वीडियो जारी किया है। सिंह का वीडियो मोदी की अबोहर रैली से पहले जारी किया गया। वीडियो में पूर्व प्रधानमंत्री ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा -सरकार समस्याओं के हल के बजाए नेहरू को जिम्मेदार ठहरा रही है। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं हो सकते। सिंह ने कहा-मैंने ज्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी। हमने सियासी लाभ के लिए देश को नहीं बांटा। कभी सच पर पर्दा डालने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नकली है। वह अग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति पर चलता है। इस सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। महंगाई पर सिंह ने कहा कि कोरोना के दौर में गलत नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था गिरी है। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं।

एक साल से चीन की फौज हमारी धरती पर

सिंह ने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि सत्ताधारियों को समझ आ गई होगी कि जबरन गले लगने, घुमाने या बिना बुलाए बिरयानी खाने पहुंचने से देश के रिश्ते नहीं सुधर सकते। चीन की फौज एक साल से हमारी धरती पर बैठी है। इसे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

संत रविदास को भी निकाल दोगे क्या?

पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पंजाब के अबोहर में रैली को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने पंजाब के सीएम चन्नी को यूपी के भइया के बयान पर आड़े हाथों लिया। मोदी बोले कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती रही है। कांग्रेस के सीएम ने बयान दिया और दिल्ली के परिवार के मालिक ने बगल में खड़े होकर तालियां बजाईं। यह पूरे देश ने देखा है। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई-बहन न हों। संत रविदास जी भी उत्तर प्रदेश के बनारस में पैदा हुए थे। तो क्या संत रविदास जी को भी निकाल दोगे। उन्होंने यह भी कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म पटना बिहार में हुआ था।

विदेश मंत्रालय ने कहा-चीन से बातचीत की प्रक्रिया जारी

पूर्व प्रधानमंत्री के बयान को विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पूर्व पीएम का बयान नीतिगत नहीं, राजनीतिक है। उन्होंने कहा कि जहां तक चीन का विषय है, इस बारे में तथ्य पूरी तरह से स्पष्ट हैं। बागची बोले, हम चीन के साथ बातचीत की प्रक्रिया में हैं।