सीबीआई करेगी मणिपुर के वायरल वीडियो मामले की जांच

मुकदमे की सुनवाई असम में कराने का अनुरोध करेगी केंद्र सरकार

सीबीआई करेगी मणिपुर के वायरल वीडियो मामले की जांच

नई दिल्ली। मणिपुर हिंसा के बीच हाल ही वायरल हुए एक वीडियो के मामले में गृहमंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मामले का संज्ञान लेने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी है। साथ ही केंद्र भी सुप्रीम कोर्ट में इस संबंध में हलफनामा दाखिल करेगी। इसमें वह वायरल वीडियो मामले की सुनवाई मणिपुर से बाहर असम में कराने का अनुरोध करेगा।। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

शांति बहाली के लिए बात जारी :

अधिकारियों ने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय मेइती और कुकी समुदायों के संपर्क में है तथा मणिपुर में शांति बहाली के लिए बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। फिर भिड़े कुकी-मैतेई, एक की मौत: मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के सीमांत इलाकों में कुकी और मैतेई समुदाय के लोगों में गुरुवार को फिर भिड़ंत हुई। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। गोलीबारी रात तक जारी थी।

भाजपा प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा

बिहार बीजेपी के प्रवक्ता विनोद शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफा देने के पीछे का कारण मणिपुर में हुई हिंसा को बताया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेजे पत्र में विनोद शर्मा का कहना है कि मणिपुर में जारी हिंसा पर उन्हें आत्मग्लानि है और वे कलंकित महसूस कर रहे हैं।

इंडिया के सांसद करेंगे राज्य का दौरा :

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के सांसदों की एक टीम 29-30 जुलाई को मणिपुर का दौरा करेगी। इस दौरान वे हिंसा पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। इससे पहले राहुल गांधी भी मणिपुर जा चुके हैं।

विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को माननीय स्पीकर ने स्वीकार कर लिया है और उस पर तय दिन एवं समय पर चर्चा होगी। फिर भी विपक्ष का हंगामा करके सदन नहीं चलने देना समझ से परे है। -प्रहलाद जोशी , संसदीय कार्य मंत्री

इधर, झारखंड में निर्वस्त्र कर दलित महिला को पीटा

मणिपुर के बाद अब झारखंड के गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र के कोवडिया टोला में महिला संग दरिंदगी की घटना सामने आई है। यहां बुधवार रात भीड़ ने दलित महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर पीटा। मुंह में कपड़ा बांधकर घसीट कर उसे दूर जंगल में ले गए। हैरान करने वाली बात है कि ऐसा करने वालों में कुछ महिलाएं भी थीं।

दो गिरμतार : पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जख्मी महिला का इलाज सरिया के देवकी अस्पताल में हो रहा है।

कारण स्पष्ट नहीं : घटना के कारण के बारे में पीड़ित महिला कुछ स्पष्ट नहीं बता पाई है, लेकिन उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी लोगों से किसी बात को लेकर गाली-गलौज हुआ था। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला का नाजायज संबंध था। देर रात उसका आना-जाना लगा रहता था। शायद इसलिए आक्रोशित लोगों ने उसके साथ ऐसा किया है।