गुजरात के पास हिंद महासागर में इजराइली जहाज पर ड्रोन से हमला, हूती विद्रोहियों पर शक

गुजरात के पास हिंद महासागर में इजराइली जहाज पर ड्रोन से हमला, हूती विद्रोहियों पर शक

नई दिल्ली। भारतीय तट के पास हिंद महासागर में शनिवार को व्यापारिक जहाज एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमला किया गया। हमले में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन जहाज पर आग लग गई। इस आग पर काबू पा लिया गया है। जहाज का संबंध इजराइल से था और उस पर लाइबेरिया का झंडा लगा हुआ था। वह भारत आ रहा था। हमले का शक यमन के हूती विद्रोहियों पर है, जो इजराइल के हमले का विरोध कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जहाज पर मास्टर समेत 21 भारतीय और एक नेपाली नागरिक सवार हैं। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

भारतीय नौसेना ने स्थापित किया संचार, जल्द पहुंचेगी

नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना का व्यापारिक जहाज के साथ संपर्क हो गया है। उन्होंने बताया कि नौसेना के पी-8आई समुद्री निगरानी विमान ने गोवा में आईएनएस हंसा नौसैनिक हवाई अड्डे से उड़ान भरी और संकटग्रस्त जहाज एमवी केम प्लूटो के साथ संचार स्थापित किया। उन्होंने यह भी कहा कि नौसेना का युद्धपोत जहाज की ओर बढ़ रहा है और अगले कुछ घंटों में व्यापारी जहाज तक पहुंचने की उम्मीद है और उसकी 25 दिसंबर की शुरुआत तक उसके मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।