अंधेरे में डूबे फ्लोरिडा के 25 लाख घर

अंधेरे में डूबे फ्लोरिडा के 25 लाख घर

सेंट पीटर्सबर्ग। अमेरिका के दक्षिण पश्चिमी फ्लोरिडा में आए चक्रवात इयान ने भारी तबाही मचाई है। सर्वाधिक नुकसान बुनियादी ढांचे को पहुंचा है। बिजली गुल होने के कारण करीब 25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। चक्रवात के कारण आई बाढ़ में डूबे घरों में लोग गुरुवार को फंसे रहे। एक पुल का मुख्य क्षेत्र से संपर्क टूट गया है। अमेरिका में आए सबसे शक्तिशाली चक्रवातों में से एक इयान के चलते फ्लोरिडा प्रायद्वीप में भारी बाढ़ के हालात बन गए हैं। चक्रवात के चलते फ्लोरिडा और दक्षिण-पूर्वी अटलांटिक तट तक के क्षेत्र में भारी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों के मुताबिक डेटोना बीच के पास डेल्टोना में 72 वर्षीय व्यक्तिगुरुवार तड़के घर के पीछे एक नहर में मृत पाया गया। तूफान के कहर को देखते हुए सैकड़ों मौतों की आशंका है।

सैकड़ों मौतों की आशंका, सड़क व पुल संपर्क टूटा

फ्लोरिडा के एक शेरिफ ने कहा- उन्हें लगता है कि मृतक संख्या सैकड़ों में होगी। ली काउंटी शेरिफ कारमाइन मासेर्नी ने कहा कि उनके कार्यालय को मदद के लिए काउंटी से सैकड़ों कॉल आ रहे हैं, लेकिन रास्ते और पुल से संपर्क टूटने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय चक्रवात केंद्र (एनएचसी) ने कहा कि इयान गुरुवार तड़के एक उष्णकटिबंधीय तूफान में तब्दील हो गया और बाद में दिन में कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र के पास अटलांटिक जलक्षेत्र पर इसके तूफान के तौर पर उभरने की संभावना है। पूवार्नुमान जताया गया है कि चक्रवात का अगला पड़ाव अमेरिका के साउथ कैरोलीना में होगा। फ्लोरिडा के तट के पास पोर्ट चार्लोट में चक्रवात की वजह से एक अस्पताल के बेसमेंट में जलजमाव हो गया और चौथे तल की छत क्षतिग्रस्त हो गई जहां आईसीयू है।