इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी सेशन 2023 की भारत करेगा मेजबानी

इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी सेशन 2023 की भारत करेगा मेजबानी

मुंबई। अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के अगले सत्र की मेजबानी भारत को मिली है। भारत ने शनिवार को चीन के बीजिंग में 139वें आईओसी सत्र के दौरान भारत ने 2023 की मेजबानी करने का अधिकार जीता। बैठक की मेजबानी को लेकर हुए मतदान में भारत को 76 मतों में से 75 वोट मिले। 2023 में मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में यह मीटिंग होगी। इससे पहले 1983 में नई दिल्ली में आईओसी सत्र का आयोजन हुआ था। देश के ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा, आईओसी सदस्य नीता अंबानी, भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा, और युवा मामलों और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने आईओसी सदस्यों को प्रस्तुति दी। 139वें आईओसी सत्र बीजिंग में चल रहे शीतकालीन ओलिंपिक के साथ आयोजित किया जा रहा है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले नीती अंबनी ने कहा कि ओलिंपिक मूवमेंट 40 साल के इंतजार के बाद भारत वापस आ रहा है! मैं 2023 में मुंबई में आईओसी सत्र की मेजबानी करने का सम्मान भारत को सौंपने के लिए इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी की आभारी हूं। उन्होंने कहा कि भविष्य में युवा ओलिंपिक और ओलिंपिक खेलों को भारत लाना हमारा सपना है।